बीजेपी को लगा एक और झटका, पूर्व विधायक राम इकबाल सपा में हुए शामिल
लखनऊ, 20 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का पार्टी छोड़ने औऱ शामिल होने का सिलसिला जारी है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ समाजवादी का दामन थाम लिया। सपा ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह अपनी ही पार्टी की सरकार की आलोचना करने के लिए चर्चित रहे हैं।

पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सपा की सदस्यता ग्रहण की। समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर लिखा कि, सपा का बढ़ता कारवां। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के नेतृत्व में आस्था जताते हुए बलिया की चिलकहर विधानसभा से भाजपा के पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह जी अपने साथियों के साथ सपा में हुए शामिल। आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राम इकबाल सिंह चिल्कहार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। वहीं, वर्ष 2008 में विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन के बाद, चिल्कहार सीट का अस्तित्व समाप्त हो गया था। राम इकबाल अक्सर अपने बयानों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर निशाना साधते रहें हैं। उनके बयानों से यह अटकलें पहले से लगायी जा रही थी वह जल्द ही सपा में शामिल हो सकते हैं।
उन्होंने 14 अक्टूबर को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा पर लखीमपुर खीरी हिंसा के पीछे होने का आरोप लगाया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें बर्खास्त करने की मांग की थी। सिंह ने इससे पहले कहा था कि राज्य में नौकरशाह सरकार चला रहे हैं और उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा दूसरी कोविड लहर से निपटने के तरीके पर भी सवालिया निशान लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications