Firozabad: टूंडला में निर्माणाधीन फ्लाईओवर गिरा, कई मजदूर हुए घायल
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में टूंडला रेलवे स्टेशन के पस एक निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का हिस्सा अचानक ढह गया। यह हादसा एन.आर. इंटर कॉलेज के पास हुआ, जब फ्लाईओवर पर लेंटर डाला जा रहा था। इस घटना में कई मजदूर घायल हो गए, जिनमें से कम से कम छह को चोटें आई हैं।
फिरोजाबाद के टूंडला में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज गुरुवार रात लगभग 9 बजे ढहा। हादसे के वक्त पुल पर काम कर रहे कई श्रमिक मलबे की चपेट में आ गए। त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पांच घायल मजदूरों को मलबे से निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसे के समय कुल 16 श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात तक बाकी मजदूरों की तलाश जारी रही। घटना स्थल पर जिलाधिकारी रमेश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित और रेलवे के अधिकारी तुरंत पहुंच गए। प्रशासन ने अभी तक किसी जनहानि की पुष्टि नहीं की है।
यह ओवरब्रिज लाइनपार क्षेत्र को टूंडला शहर के मुख्य हिस्से से जोड़ने के लिए रेलवे रेस्ट कैंप कॉलोनी से लेकर लाइनपार अहाता शोभाराम तक बनाया जा रहा था। गुरुवार को ही ओवरब्रिज का ढहा हुआ स्लैब नाले के किनारे बने पिलर पर डाला गया था।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शटरिंग में तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाईओवर के लेंटर डालने के दौरान शटरिंग टूट गई, जिसके कारण पूरा लेंटर नीचे आ गिरा और मजदूर मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल मजदूरों को एम्बुलेंस से तुरंत अस्पताल भेजा गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने इलाके को घेरकर रेस्क्यू टीम को मलबा हटाने का काम सौंपा है। इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। बताया जा रहा है कि यह फ्लाईओवर परियोजना कई महीनों से चल रही थी और इस कार्य के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications