बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे कैश कलेक्शन कर्मचारी से की लूटपाट
कुछ ही दूर पर खड़े दो बाइक सवार अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी रोकते हुए बंदूक दिखाकर उनसे कैश लूट लिया और फरार हो गए। उन्हें पहले से पता था कि उसके पास इतने रुपए हैं।
पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में लूट का एक मामला सामने आया है जहां थाने से कुछ दूरी पर पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर एक मॉल कर्मचारी से 37 लाख रुपए लूटे गए। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद सभी बेखौफ अपराधी हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना आज सुबह की है जब मॉल से रुपए का कलेक्शन कर सीएमएस का एक कर्मी बैंक में राशि जमा कराने जा रहा था कि कुछ ही दूर पर खड़े दो बाइक सवार अपराधियों ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी रोकते हुए बंदूक दिखाकर उनसे कैश लूट लिया और फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगरथाना क्षेत्र के क्लब रोड का है। जहां कैश कलेक्शन कंपनी का एक कर्मी मिठनपुरा के क्लब रोड स्थित बिग बाजार और सिटी लाइफ मॉल से राशि कलेक्ट कर पंकज मार्केट के बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पहुंचा। जिसमें बिग बाजार से 29 लाख और सिटी लाइफ से सात लाख की राशि ली गई थी। तभी नगर थाने के कुछ दूरी पर मौजूद दो बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोका और जब तक वो कुछ समझ पाते तब तक बंदूक का डर दिखाते हुए उनसे रुपए लूटकर फरार हो गए। इस घटना को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि अब अपराधियों में पुलिस का डर भी नहीं रहा क्योंकि जिस जगह घटना को अंजाम दिया गया वहां थाना बिल्कुल नजदीक में था।

वहीं रुपए लूट की घटना की जानकारी जब नजदीकी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने मॉल कर्मी के बयान के आधार पर मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए नगर डीएसपी आशीष आनंद ने कहा कि लगभग 37 लाख रुपए से ज्यादा की लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। फिलहाल इस मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications