Farrukhabad News: रूठी पत्नी को मनाने का अजीब तरीका! नशे में 150 फीट ऊंचे पोल पर चढ़ा पति, जानें फिर क्या हुआ
Farrukhabad news: यूपी के फर्रूखाबाद के जहानगंज क्षेत्र में बुधवार शाम एक अजीबो-गरीब मामला देखने को मिला। गांव के बाहरी इलाके में युवक गोपाल (25) अचानक 150 फीट ऊंचे बिजली ट्रांसमिशन पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़कर वह अपनी पत्नी को मायके से बुलाने की जिद करने लगा।
बताया जा रहा है कि पोल पर चढ़े शख्स और उसकी पत्नी रितु (24) के बीच पिछले दो महीनों से विवाद चल रहा था। छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होते रहते थे। नाराज होकर रितु अपने मायके चली गई थी और गोपाल उसे मनाने के लिए कई बार कोशिश कर चुका था।

बुधवार को भी गोपाल अपनी पत्नी से मिलने के लिए गया था। हालांकि‚ वह उसके साथ घर लौटने से इनकार कर दी। इसी बात से वह निराश होकर गुस्से में अपने ससुराल से घर लौटा। घर लौटकर उसने शराब पी और फिर नशे में होने पर बिजली के पोल पर चढ़ गया।
चिंगारी देख लोगों को हुई जानकारी
गोपाल के पोल पर चढ़ने की जानकारी लोगों को तब मिली जब उसने वहां बीड़ी जलाई। लोगों को पहले लगा की पोल से चिंगारी निकली है। लेकिन बीड़ी सुलगती देख लोगों को पोल पर किसी इंसान के होने का अंदेशा हुआ। पोल के करीब पहुंचने पर लोगों को पता चला कि गोपाल पोल पर चढ़ा है।
उसके बाद लोगों ने गोपाल को नीचे उतरने के लिए कहा लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। उसके बाद लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देते ही बिजली आपूर्ति रुकवाने के साथ ही पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दी।
काफी देर तक पड़ोस और गांव के लोगों ने गोपाल से नीचे उतरने को कहा लेकिन वह किसी से नहीं माना और नीचे कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान नशे की हालत में गोपाल समझने और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं था।
दो घंटे की मशक्कत के बाद मिली सफलता
करीब दो घंटे की समझाने के बाद भी वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। उसके बाद गांव के दो युवक शिवरतन और ज्ञानचंद्र रस्सी लेकर पोल पर चढ़े। उसके बाद दोनों ने धीरे-धीरे गोपाल को नीचे उतारा। नीचे उतरने के बाद गोपाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवार के लोगों ने बताया कि गोपाल और रितु की शादी एक साल पहले फतेहगढ़ में हुई थी। गोपाल मजदूरी करता है और रितु घर संभालती हैं। पड़ोसियों ने बताया कि गोपाल अक्सर शराब पीकर बहस और गाली-गलौच करता था जिसकी वजह से रितु मायके चली गई।
पत्नी के साथ ही रहना चाहता है गोपाल
पत्नी ने आरोप लगाया कि गोपाल की नशे और मारपीट की वजह से वह अब वापस नहीं आना चाहती। वहीं गोपाल का कहना था कि पत्नी के मायके में रहने से वह मानसिक रूप से परेशान है और अब वह अपनी पत्नी के साथ ही रहना चाहता है।
वहीं इस बारे में जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय ने मीडिया को बताया कि गुरुवार को दोनों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया। उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी जिससे दोनों में सहमति बन सके और दोनों एक दूसरे के साथ रहें।












Click it and Unblock the Notifications