25 मई को हुआ था फौजी की बेटी का अपहरण, ISIS के हाथों बेचने की आशंका
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक फौजी की 19 वर्षीय पुत्री की बरामदगी पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी है। अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से लेकर लखनऊ के दरबार तक अपनी गुहार लगाकर हार चुका फौजी का परिवार गुरूवार सुबह से कलेक्ट्रेट परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गया। कलेक्ट्रेट में भूख हड़ताल पर बैठे फौजी परिवार ने आशंका जताई है कि कहीं उनकी बेटी को आईएसआईएस के हाथों तो नहीं बेच दिया गया।

सीएम योगी के निर्देश पर शुक्रवार को लखनऊ से कन्नौज पहुंची एसटीएफ ने भूख हड़ताल पर बैठे फौजी परिवार से कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुलाकात की और घटना के बारे में गहनता से जानकारी ली। वहीं फौजी परिवार से भूख हड़ताल समाप्त करने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा किए गए प्रयास असफल रहे। चिकित्सकों ने भूख हड़ताल पर बैठी फौजी की पत्नी रमादेवी, पुत्रवधू प्रगति व मामा लालजी का डाक्टरी परीक्षण किया। फिलहाल उनके शरीर में पानी की कमी पाई गई है। हालांकि चिकित्सक ने गर्भवती महिला के भूख हड़ताल पर रहने से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मृत्यु होने की आशंका जाहिर की है। इधर फौजी परिवार युवती की बरामदगी से पहले भूख हड़ताल खत्म करने को तैयार नहीं है।
दो महीने पूर्व की है घटना
घटना की रिपोर्ट करीब 65 दिन पहले थाना सौरिख में दर्ज की गई। 25 मई 2018 को अपने कस्बा सौरिख स्थित घर के बाहर मौजूद 19 वर्षीय अंकिता को कुछ लोग जबरन एक ट्रक पर उठाकर ले गए। जिसका अब तक कोई पता नहीं चल सका। हालांकि मामले में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मुख्य आरोपी महीम मियां सहित ट्रक चालक व एक अन्य को पुलिस ने पकड़ा था। उन्होंने युवती के अपहरण की बात स्वीकार की थी। इसके बाद भी आसानी से उनकी जमानत हो गई और ट्रक भी छूट गया। लेकिन फौजी की पुत्री का पता नहीं लग सका।
पहले भी हो चुका है सुंदर लड़कियों का अपहरण
यह भी आरोप है कि यहां से अनेकों सुन्दर लड़कियों का अपहरण किया गया और मोटी रकम लेकर उन्हें विदेश भेज दिया गया। जिनका आज तक कोई अता पता नहीं चल सका। इन लोगों का अच्छा खासा नेटवर्क है। शाहजहांपुर से भी इसके तार जुड़े हैं। फौजी परिवार घटना की सीबीआई जांच कराना चाहता है जिससे सच सभी के सामने आ सके और उसकी लाडली बिटिया का उत्पीड़न करने वाले बेनकाब हों तथा उन्हें कड़ी सजा मिल सके। शुक्रवार देर शाम तक फौजी परिवार भूख हड़ताल पर बैठा रहा।
फौजी परिवार के समर्थन में उतरी योगी सेना
भूख हड़ताल पर बैठे फौजी परिवार को 24 घंटे बाद शुक्रवार को योगी सेना ने अपना समर्थन देते हुए उनकी लड़ाई को आखिरी दम तक लड़ने का भरोसा दिलाया। योगी सेना के जिला संयोजक सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने फौजी परिवार का समर्थन करते हुए कहा कि इस परिवार की लड़की को जिस तरह षडयंत्र के जरिए गायब किया गया है वह अत्यन्त निन्दनीय है और योगी सेना पीड़ित परिवार के साथ है।












Click it and Unblock the Notifications