इलाहाबाद: गोलीबारी में घायल हुए यूनाइटेड कॉलेज के इंजीनियरिंग छात्र की मौत के बाद बवाल
इलाहाबाद। औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक के छात्र रहे शिवम शुक्ला की इलाज के दौरान मौत हो गई है। 2 दिन पहले शिवम व उसके दोस्त को हमलावरों ने गोली मार दी थी। गंभीर हालत में शिवम को लखनऊ पीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना जैसे ही इलाहाबाद पहुंची, यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र सड़क पर उतर आए और नारेबाजी के साथ सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद भी जब छात्र हंगामा करते रहे तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए छात्रों को सड़क से हटाया।

क्या है मामला
इलाहाबाद के मेजा इलाके के रहने वाले शिवम शुक्ला व उसका दोस्त अभिषेक मिश्रा औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक कर रहे थे। शुक्रवार की रात लगभग पौने 11 बजे दोनों अपाची बाइक से महुआरी गांव के पास घूमने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान उनकी कुछ युवकों से कहा सुनी हो गई जो झड़प में बदल गई और अचानक से युवकों ने दोनों छात्रों पर हमला बोल दिया। युवको ने तमंचे से फायर किया जिससे शिवम के सीने में गोली लगी, जबकि अभिषेक के हाथ में गोली लगी है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख कर चिकित्सकों ने दोनों को स्वरूपरानी नेहरु मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया था। शिवम की हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ पीजीआई ले जाया गया था, जहां उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था और आज इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

नामजद हैं आरोपी
मामले में नैनी के एडीए कॉलोनी निवासी अंशु सिंह कुलदीप और दीपक पटेल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों में विवाद हुआ था जिसका बदला लेने के लिए अंशु सिंह आदि ने शिवम को देर रात घेर लिया था और कहासुनी के बाद गोली मार दी थी। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं और इनकी गिरफ्तारी न होने से नाराज छात्रों ने सड़क पर आज शिवम की मौत के बाद बवाल काटा।












Click it and Unblock the Notifications