Election: 'सपा-कांग्रेस गठबंधन पर अब बात खुद राहुल गांधी करेंगे', अखिलेश यादव का बयान
आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर एकजुट हुए विपक्षी दलों में अब मनमुटाव नजर आने लगा है। इंडिया गठबंधन के दो सहयोगी दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच टकराव देखने को मिल रहा है। अब गठबंधन को लेकर जल्द ही समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुलाकात हो सकती है। यह संकेत हरदोई में लोक जागरण अभियान के दौरान पहुंचे अखिलेश यादव ने दिए।
उन्होंने कहा किकांग्रेस के एक बड़े नेता का मैसेज आया है, हम बीजेपी को हराना चाहते हैं। कांग्रेस चाहेगी तो गठबंधन बरकरार रहेगा। राहुल गांधी ने बात करने के लिए मैसेज कराया है, गठबंधन पर अब बात खुद राहुल गांधी करेंगे। लेकिन, मैं जोड़ना चाहूंगा कि मध्य प्रदेश में अगर गठबंधन नहीं करना था, हमें बुलाया ही क्यों गया था? हमें इसका जवाब चाहिए।

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अगर गठबंधन नहीं करना था, तो मुझे बता देते। प्रदेश स्तर पर कोई गठबंधन नहीं करना था, तो बताना चाहिए था। पहले ही बताना चाहिए था कि इंडिया स्तर पर लोकसभा चुनाव होगा, उस वक्त गठबंधन होगा। दरअसल, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सहयोगी समाजवादी पार्टी को कांग्रेस ने एक भी सीट नहीं दी। जिसको लेकर दोनों पार्टियों में मनमुटाव देखने को मिल रहा है।
'गठबंधन नहीं करना तो कांग्रेस साफ बताएं'
अखिलेश यादव ने कहा कि आपने बुलाया और बातचीत की। हमने अपनी परफॉर्मेंस बताई। आपने रात में एक बजे तक हमारे नेताओं को बैठाए रखा। उसके बाद भी आपने ऐसा किया, जो गलत है। इसका जवाब उनके पास नहीं, इसलिए उनकी भाषा बदल जा रही है। अगर हमारी पार्टी का कोई नेता कुछ गलत करे, तो हम उसको रोकेंगे। अगर हमारी जरूरत नहीं है, तो हमें कांग्रेस सीधे तौर पर बता दें कि सपा से कोई गठबंधन नहीं करना है।
'हमें धोखा न दें, अपना वादा निभाए'
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि यह हमारा वादा है कि हम एक बार भी गठबंधन की बात नहीं करेंगे। हमसे साजिश या धोखा न दें, अगर उन्हें इच्छा है, तो गठबंधन करें, अन्यथा हमें साफ बता दें। अगर बाद में किसी भी पल उन्हें हमारी जरूरत होगी तो, हम अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार उनके साथ आएंगे। बस कांग्रेस अपना वादा याद रखे और निभाए।












Click it and Unblock the Notifications