OPINION: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की नई मुहिम, बदलेगी हेल्थ सेक्टर की तस्वीर
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार बेहतर काम कर रही है। इसी दिशा में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए योगी सरकार डिजिटल डॉक्टर मुहिम की शुरुआत करने जा रही है।
सरकार का लक्ष्य है कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में और भी बेहतर चिकित्सा सेवा मुहैया करा सके, इसी को ध्यान में रखते हुए डिजिटल डॉक्टर मुहिम की शुरुआत की जा रही है। इस सेवा के तहत लोगों को टेलीमेडिसिन के जरिए मौके पर ही प्राथमिक उपचार मुहैया कराना है। फिलहाल इस सेवा को तैयार करने का काम चल रहा है।

इस कार्यक्रम की रूपरेखा प्राइवेट सेक्टर की ओर से जमा कराई गई है, इसके अंतिम रूप को राज्य सरकार अपनी सहमति देगी। इस सेवा का शुरुआती ट्रायल लखनऊ और बुलंदशहर में होगा, इसके बाद इसे प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
डिजिटल डॉक्टर मुहिम के तहत लोगों को शुरुआती स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधा मुहैया कराई जाएगी। शुरुआत में लखनऊ और बुलंदशहर में 20 सेंटर स्थापित किए जाएंगे। सरकार के अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार इस मुहिम को प्राइवेट सेक्टर के माध्यम से चलाएगी, जिसमे मेडिकल परामर्श, दवाएं, पैथोलॉजी टेस्टिंग आदि की सुविधाएं कम दाम पर उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोग स्वास्थ्य पर अधिक व्यय नहीं कर पाते हैं इसको ध्यान में रखते हुए कम समय में बेहतर और कम दाम में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएगी। सरकार पहले से ही लोगों को टेलीमेडिसिन सर्विस मुहैया करा रही है जिसके तहत लोगों को प्राथमिक उपचार की जानकारी दी जाती है, प्राथमिक टेस्टिंग के लिए एटीएम सेवा उपलब्ध कराई जाती है।
डिजिटल डॉक्टर सेंटर पर हेल्थ असिस्टेंट उपलब्ध रहेंगे, जोकि डॉक्टर से सलाह लेकर बीमारी के अनुसार दवा मुहैया कराएंगे और जरूरी टेस्ट कराएंगे। टेस्ट के रिजल्ट को डॉक्टरों के साथ साझा किया जाएगा जिसके आधार पर डॉक्टर दवा लिखेंगे। यह दवाएं डिजिटल डॉक्टर क्लीनिक पर उपलब्ध होगी और वो भी बहुत कम दाम पर।
हालांकि डिजिटल डॉक्टर का अंतिम स्वरूप कैसा होगा इसपर अभी काम हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग यह तय करेगा कि किन जगहों पर इन डिजिटल डॉक्टर सेवा को उपलब्ध कराना है। जल्द ही इसकी विस्तृत जानकारी मुहैया कराई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications