Exclusive: Ram Mandir से 22KM दूर 10 करोड़ में बनेगी Ayodhya Masjid? चुनावी साल 2027 में शुरू होगी नक्काशी!

Oneindia Exclusive Dhannipur Ayodhya Masjid: 6 दिसंबर 1992...बाबरी मस्जिद विध्वंस से लेकर 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा तक, अयोध्या ने करीब तीन दशक का लंबा सफर देखा। इसके बाद राम मंदिर निर्माण का एक और बड़ा पड़ाव 25 नवंबर 2025 को आया, जब मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई गई और निर्माण कार्य के औपचारिक पूर्ण होने की घोषणा हुई। राम मंदिर का निर्माण 5 अगस्त 2020 के भूमि पूजन के बाद शुरू हुआ था।

लेकिन, इसी अयोध्या से करीब 22 किलोमीटर दूर धन्नीपुर की कहानी अलग है। यहां सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष को 5 एकड़ जमीन आवंटित हुई। इसी जमीन पर मस्जिद बनाने का प्रस्ताव है। हालांकि, धन्नीपुर की मस्जिद का निर्माण अभी शुरू नहीं हुआ है। परियोजना अब भी निर्माण शुरू होने का इंतजार कर रही है। अब इस परियोजना को लेकर OneIndia Hindi को एक अहम जानकारी मिली है।

dhannipur-ayodhya-masjid

उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष जफर फारूकी ने OneIndia Hindi से विशेष बातचीत में बताया कि करीब 300 करोड़ रुपये की शुरुआती परियोजना को अब छोटा किया जा रहा है। नए प्रस्ताव में सिर्फ मस्जिद के निर्माण पर फोकस होगा और इसकी अनुमानित लागत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है। तो आखिर 6 साल बाद भी धन्नीपुर मस्जिद क्यों नहीं बन पाई? पहले का 300 करोड़ रुपये वाला प्लान क्यों बदला? 10 करोड़ रुपये में क्या-क्या बनेगा? और 2027 में नक्काशी शुरू होने का दावा कितना आगे बढ़ चुका है? आइए पूरा मामला समझते हैं...

2019 के फैसले के बाद धन्नीपुर में मिली थी 5 एकड़ जमीन

9 नवंबर 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या भूमि विवाद पर फैसला सुनाते हुए विवादित 2.77 एकड़ जमीन राम मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट को देने का आदेश दिया था। साथ ही कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश दिया था कि सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को अयोध्या में 5 एकड़ वैकल्पिक जमीन दी जाए, जहां मस्जिद का निर्माण किया जा सके। इसके बाद धन्नीपुर में 5 एकड़ जमीन आवंटित की गई। यहीं से एक ऐसी परियोजना का खाका तैयार हुआ, जिसमें सिर्फ मस्जिद नहीं बल्कि कई सामाजिक सुविधाएं भी प्रस्तावित थीं।

मस्जिद के साथ अस्पताल से लेकर रिसर्च सेंटर तक का था प्लान

धन्नीपुर परियोजना की जिम्मेदारी इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन (IICF) को दी गई थी। शुरुआती योजना काफी बड़ी थी। प्रस्तावित परिसर में...

  • मस्जिद
  • करीब 300 बेड का अस्पताल
  • लाइब्रेरी
  • रिसर्च सेंटर
  • कम्युनिटी सुविधाएं जैसी योजनाएं शामिल थीं। इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 300 करोड़ रुपये बताई गई थी। लेकिन बड़ी योजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर आया, फंड और जरूरी मंजूरियों का सवाल।

नक्शा क्यों अटक गया था?

2025 में RTI से सामने आई जानकारी के मुताबिक, अयोध्या विकास प्राधिकरण यानी ADA ने धन्नीपुर मस्जिद का पुराना लेआउट मंजूर नहीं किया था। मुख्य वजह बनी 'विभिन्न सरकारी विभागों से जरूरी NOC यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलना।' RTI जवाब में PWD, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नागरिक उड्डयन, सिंचाई, राजस्व, नगर निगम और फायर सर्विस समेत कई विभागों से जुड़ी मंजूरियों का जिक्र हुआ। यानी मामला सिर्फ नक्शा बनाने तक सीमित नहीं था। नक्शे को जमीन पर उतारने से पहले कई विभागों की मंजूरी जरूरी थी।

dhannipur-ayodhya-masjid

फायर विभाग की आपत्ति क्या थी?

इस मामले में फायर विभाग की ओर से भी आपत्ति सामने आई थी। IICF के सचिव अथर हुसैन ने उस समय कहा था कि प्रस्तावित भवनों की ऊंचाई को देखते हुए वहां कम से कम 12 मीटर चौड़ी सड़क की जरूरत बताई गई थी, जबकि मौके पर सड़क की चौड़ाई इससे काफी कम थी। IICF ने यह भी कहा था कि उसे अन्य विभागों की आपत्तियों की पूरी जानकारी नहीं दी गई थी। इस तरह परियोजना के सामने एक तरफ मंजूरियों का पेच था तो दूसरी तरफ इतनी बड़ी योजना के लिए फंड जुटाने की चुनौती।

dhannipur-ayodhya-masjid

अब 300 करोड़ की योजना कितनी छोटी होगी?

यहीं से धन्नीपुर मस्जिद परियोजना में बड़ा बदलाव आता है। OneIndia Hindi से Exclusive बातचीत में जफर फारूकी ने बताया कि अब शुरुआती 300 करोड़ रुपये वाली व्यापक परियोजना के बजाय पहले मस्जिद निर्माण पर फोकस किया जाएगा। फारूकी के मुताबिक, परियोजना के लिए अब तक करीब 1.5 करोड़ रुपये ही जुटाए जा सके हैं। ऐसे में फंड को देखते हुए परियोजना का आकार छोटा करने पर काम किया जा रहा है। नए प्रस्ताव के मुताबिक मस्जिद का निर्माण करीब 10 करोड़ रुपये की लागत में करने की योजना है। यह रकम अभी अनुमानित है। वास्तविक लागत निर्माण के डिजाइन, मंजूरियों, सामग्री और अन्य खर्चों के आधार पर बदल सकती है।

dhannipur-ayodhya-masjid

नया नक्शा अक्टूबर में ADA को दिया जाएगा

जफर फारूकी के मुताबिक, छोटे आकार वाली मस्जिद का नया नक्शा अक्टूबर 2026 में अयोध्या विकास प्राधिकरण के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नक्शा अक्टूबर के अंत से पहले दाखिल किया जा सकता है। इसके बाद जरूरी NOC और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने में करीब तीन महीने लगने का अनुमान बताया गया है।

dhannipur-ayodhya-masjid

2027 में शुरू होगी मस्जिद की नक्काशी?

जफर फारूकी के मुताबिक, परियोजना के आगे बढ़ने पर 2027 में मस्जिद के निर्माण और नक्काशी से जुड़े काम में तेजी आने की उम्मीद है। यानी फिलहाल प्राथमिकता है कि नया नक्शा, NOC, मंजूरी, फंड जुटाना और फिर निर्माण व नक्काशी का काम। इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी चरण पर देरी होने से परियोजना की टाइमलाइन आगे खिसक सकती है।

क्या मस्जिद का नाम 'छोटी बाबरी मस्जिद' होगा?

इस सवाल पर भी जफर फारूकी ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मस्जिद का नाम 'छोटी बाबरी मस्जिद' रखने की योजना नहीं है। अभी अंतिम नाम तय नहीं किया गया है। संभावित नामों में 'अयोध्या मस्जिद' या 'धन्नीपुर मस्जिद' जैसे नामों पर विचार किया जा सकता है। यानी नाम को लेकर भी अंतिम फैसला होना बाकी है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+