VIDEO: छात्रों से मजदूरी कराता स्कूल प्रबंधन, परीक्षा देने गए बच्चों से उठवाईं ईंटें
स्कूल के अंदर बच्चे गणित की परीक्षा दे रहे थे, मजदूर थे नहीं, लिहाजा बच्चों की परीक्षाएं छुड़वाकर उन्हें ईंटे ढोने में लगा दिया गया। क्योंकि साहब दौरा करने आते तो स्कूल प्रबंधन की खैर नहीं थी।
हरदोई। सूबे में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी व प्रभारी मंत्रियों को नियुक्त किया है। ताकि समय-समय पर निरीक्षण कर कमियों को दूर कर सकें और जनता को होने वाली समस्याओं का निदान हो सके लेकिन बावजूद इसके अधिकारियों के कान पर कोई जूं नहीं रेंग रही है। वो जस के तस अपने कान में तेल डाले बैठे हैं।

प्रमुख सचिव नवनीत सहगल जिले का औचक निरीक्षण करने आने वाले थे जो कि इस वक्त जिले के नोडल अधिकारी भी बनाए गए हैं। जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों को खबर लग गई कि सहगल साहब सांसद के गोद लिए गांव का इंस्पेक्शन करेंगे, फिर क्या था हर विभाग अपने को बेहतर बनाने में लग गया और इसी चमक में शिक्षा विभाग भी आ गया क्योंकि उस गांव के स्कूल का गेट और बाउंड्री वॉल टूटी थी।
इससे पहले कि साहब निरीक्षण करते, खामी पाते और कर्रवाई करते कि ठीक उससे पहले ही जिम्मेदार अफसरों ने गेट और बाउंड्री वॉल बनाने का सामान स्कूल के बाहर लगवा दिया। स्कूल के अंदर बच्चे गणित की परीक्षा दे रहे थे, मजदूर थे नहीं, लिहाजा बच्चों की परीक्षाएं छुड़वाकर उन्हें ईंटे ढोने में लगा दिया गया। जिसका वीडियो अब सोशल साइट्स पर खूब वायरल हो रहा है और शिक्षा विभाग की थू-थू हो रही है।
दरअसल 18 सितंबर को हरदोई जिले में प्रमुख सचिव नवनीत सहगल का प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम था। नवनीत सहगल जनपद के नोडल अधिकारी भी बनाए गए हैं। लिहाजा निरीक्षण के लिए उन्होंने सपा के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल के द्वारा गोद लिए गांव सधई बेहटा का निरीक्षण करना था। सधई बेहटा में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहटा सधई विकास क्षेत्र बावन की बाउंड्री वॉल और मेन गेट टूटा हुआ था। लिहाजा स्कूल प्रबंधन ने स्कूल को बनवाने के लिए मटेरियल मंगवा लिया जो की दुकानदार स्कूल से बाहर डाल गया था और जिम्मेदार लोगों ने बच्चों को इसे ढोने में लगा दिया।
सवाल ये है कि भविष्य में जिन परिस्थितियों से बचने के लिए ये बच्चे अपना फ्यूचर संवारने स्कूल आए थे, स्कूल प्रबंधन ने उनके हाथों में ही हथकड़ी डाल उन्हें मजदूर बना दिया। हालांकि इस पूरे मामले पर बेसिक शिक्षा अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कर आख्या प्रस्तुत करने की बात कही है और उसके बाद दोषी शिक्षकों पर भी कर्रवाई की बात कही जा रही है। बेसिक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि नोडल अधिकारी नवनीत सहगल का प्रोग्राम था, मीडिया के माध्यम से बच्चों पर किए जा रहे इस अत्याचार का खुलासा हुआ है, अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications