अब इलाहाबाद में भी बनेगा पासपोर्ट, नहीं लगाना होगा लखनऊ-कानपुर का चक्कर
इलाहाबाद में भी पासपोर्ट आफिस खुल गया है। यह पासपोर्ट ऑफिस प्रधान डाकघर में खुला है। इसे पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र के रूप में जाना जाएगा और अब इसकी आधिकारिक सेवा की शुरुआत कर दी गई है।
इलाहाबाद। इलाहाबाद में भी पासपोर्ट आफिस खुल गया है। यह पासपोर्ट ऑफिस प्रधान डाकघर में खुला है। इसे पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र के रूप में जाना जाएगा और अब इसकी आधिकारिक सेवा की शुरुआत कर दी गई है। साथ ही इस लोकल पासपोर्ट ऑफिस का औपचारिक उद्घाटन करते हुये पासपोर्ट सुविधा की आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है जिससे लोगों को अब इलाहाबाद से भी पासपोर्ट बनकर मिल जायेगा। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधान डाकघर में बनाये गये पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केन्द्र का उद्घाटन किया। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अभी कुछ प्रक्रिया लखनऊ-कानपुर सेवा जुड़ी हैं लेकिन जल्द ही पासपोर्ट से संबंधित हर प्रक्रिया इलाहाबाद में ही पूरी होगी।

120 आवेदन हर दिन
पासपोर्ट अधिकारी पीयूष वर्मा ने बताया कि पहले यहां पर 50 लोगों के ही आवेदन एक दिन में स्वीकार किए जाते थे । लेकिन अब यह दायरा बढा दिया गया है और अब सोमवार से 120 लोगों के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बाद वैरीफिकेशन डाकघर से होता है लेकिन पासपोर्ट लखनऊ ऑफिस से बनकर आता है। इस प्रक्रिया में महीनों का वक्त जाया होता है। लेकिन अब डाकघर में पासपोर्ट बनाने का काम चल रहा है। जल्द ही सुल्तानपुर और गाजीपुर में भी पासपोर्ट सेवा केन्द्र खुलेगा। जिससे यूपी के इन हिस्सों मे भी पासपोर्ट की लेकर आमूलचूल परिवर्तन होगा।

नियमों की जानकारी
दरअसल अभी पासपोर्ट बनवाना किसी उपलब्धि सरीखा होता है। जिनका भी पासपोर्ट बन जाता है वह जैसे किसी जंग को जीत जाते हैं। इसके पीछे जागरूकता का अभाव और नियमों की जानकारी न होना है। जिससे यह प्रक्रिया काफी जटिल होती है। थाने से लेकर पासपोर्ट आफिस के चक्कर और दलालों की बीच में कलाकारी पासपोर्ट को बहुत महंगा कर देती है। जबकि ऑनलाइन आवेदन करने पर पासपोर्ट की फीस ऑनलाइन ही जमा हो जाती है। उसके बाद कहीं पर किसी भी प्रकार की फीस नहीं ली जाती।

जन सुविधा केंद्र से करें आवेदन
आपको पासपोर्ट बनवाना है तो किसी भी जन सुविधा केंद्र से ऑनलाइन आवेदन कर दें। आवेदन के बाद आपको उसकी रसीद मिलेगी। साथ ही आपको पासपोर्ट ऑफिस पहुंचने के लिये डेट व समय दिया जायेगा। यहां सबसे जरूरी बात यह है कि पासपोर्ट ऑफिस जाते समय आपके पास मांगे गये सभी दस्तावेज होने चाहिये। जिसकी जानकारी आपको वेबसाइट से ही मिल जायेगी। कागज पूर्ण न होने पर आपको पासपोर्ट ऑफिस से वापस होना पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications