सब इंस्पेक्टर की वर्दी में भौकाल काट रही थी महिला, यूपी पुलिस ने किया गिरफ्तार, काटा चालान
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक फर्जी महिला सब इंस्पेक्टर (fake lady sub inspector) पिछले 8 साल से खाकी वर्दी पहनकर भौकाल काट रही थी। फर्जी महिला दरोगा को देवरिया पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह एक शख्स की बाइक पर बैठक भिंगारी बाजार से कहीं जा रही थी। पुलिस ने वर्दी जब्त करते हुए महिला का चालान कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस गिरफ्त में आई फर्जी महिला दरोगा का नाम रजनी दुबे है और वह निशानिया पैकौली की रहने वाली है। खामपार थाना प्रभारी महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि महिला रजनी दुबे पुलिस की वर्दी में बाइक पर एक व्यक्ति व दो बच्चों के साथ कहीं जा रही थी। बाजार में तैनात एक पुलिसवाले को महिला पर शक हुआ।

शक होने के पुलिसकर्मी ने बाइक रोककर पूछताछ की और फिर देखते ही देखते पूरा मामला खुलता चला गया। महिला ने बताया कि लखनऊ में घरों में केयर टेकर का काम करती है और इसने यह वर्दी लखनऊ में ही सिलवाई है। वह आज अपने गांव आई थी। उसने बताया कि वह इस वर्दी का इस्तेमाल किराया न देने के लिए करती थी।
हिंदुस्तान की खबर के मुताबिक, फर्जी महिला दरोगा पिछले आठ सालों से वर्दी पहनकर इलाके में भौकाल बनाती थी। पुलिस ने उसके साथ बाइक सवाल शख्स को भी पकड़ा है और दोनों से पूछताछ की जा रही है। बता दें, रजनी दुबे के पति प्रभुनाथ दुबे क्षेत्र में घूमकर पंडिताई करते है। इनके दो बच्चे भी हैं।
दोनों व्यक्तियों से पूछताछ के बाद, उन्हें बांड पर हस्ताक्षर करने के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी वर्दी का दुरुपयोग करने का मामला दर्ज किया है। खामपार थाना प्रभारी महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि फर्जी इंस्पेक्टर का बन कर घूम रही महिला रजनी दुबे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications