सेक्स वर्कर से 300 रुपए को लेकर हुआ विवाद, कस्टमर ने की कोठा संचालिका की हत्या
मेरठ। उत्तर प्रदेश में मेरठ के रेड लाइट एरिया में एक अय्याश ने महज 300 रुपए के विवाद को लेकर कोठा संचालिका को गोली मार दी। गोली लगने से उम्रदराज कोठा संचालिका की मौके पर ही मौत हो गई जिसके बाद पूरे रेड लाइट एरिया में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई कोठे बंद हो गए और हत्यारे हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र के रेड लाइट एरिया की है। यहां एक शराबी अय्याश जिस्मफरोशी के इरादे से कोठे पर पहुंचा। सेक्स वर्कर का आरोप है कि शराब के नशे में आरोपी ने उसके साथ काफी बदतमीजी की और 300 रुपए देने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कोठा संचालिका जरीना और आरोपी के बीच काफी बहस हो गई और उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
कुछ देर बाद अपने एक साथी के साथ आरोपी वापस आया और कोठा संचालिका जरीना के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद वह हथियार लहराते हुए फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना ब्रह्मपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। रेड लाइट एरिया में कोठा संचालिका की हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल पुलिस हत्या के सही कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच भी कर रही है।
ये भी पढ़ें: ससुर की हत्या मामले में पकड़ी गई बहू थाने से हुई फरार, थानाध्यक्ष समेत 3 सस्पेंड