UP: कांग्रेस की महिला प्रत्याशी ने पार्टी को दिया झटका, जिलाध्यक्ष पर आरोप लगा चुनाव लड़ने से किया इनकार
लखनऊ, 27 जनवरी: उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति सुधारने के लिए प्रियंका गांधी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। साथ ही उन्होंने 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का वादा किया था, जिसे पार्टी काफी हद तक पूरा भी कर रही है, लेकिन उसके नेता ही पार्टी की मुश्किलें बढ़ा रहे। अब पार्टी की एक महिला प्रत्याशी ने टिकट मिलने के बाद लड़ने से इनकार कर दिया। साथ ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद से विपक्षी दलों को कांग्रेस पर हमला करने का एक और मौका मिल गया है।

दरअसल कांग्रेस ने बुधवार को 89 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की थी। जिसमें बदायूं की शेखपुर विधानसभा सीट से फराह नईम को उतारा गया, लेकिन एक दिन बाद ही उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। साथ ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया। फराह का आरोप है कि पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह उनको लेकर अभद्र टिप्पणी कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ये तक कह दिया था कि मुस्लिम महिलाओं को चुनाव में टिकट नहीं दिया जाना चाहिए।
वहीं मीडिया से बात करते हुए फराह ने कहा कि ओमकार सिंह चाहते थे मुझे टिकट ना मिले, इसके लिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने हद पार करते हुए उनके ऊपर चरित्रहीन महिला होने का आरोप तक लगा दिया। कांग्रेस नेता ने साफ कहा कि जब तक ओंकार जैसे लोग पार्टी में हैं, वो कांग्रेस में नहीं रह सकतीं। हालांकि उन्होंने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का नारा देने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा की तारीफ की।
#WATCH UP: Farah Naeem, Congress candidate from Shekhupur Assembly seat in Badaun, says she will not fight the polls
"Party district president Onkar Singh said Muslim women should not get ticket & that I'm a characterless woman. Women are not safe in the district unit," she says pic.twitter.com/10o5siBNiy
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) January 27, 2022
जिलाध्यक्ष ने दी सफाई
मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि कांग्रेस में बहुत सी महिला पदाधिकारी हैं, लेकिन कभी किसी महिला ने ऐसा आरोप नहीं लगाया। अब फराह नईम आरोप लगा रही हैं, तो वो सबूत दिखाएं। बेवजह किसी पर आरोप लगाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि ये सब सिर्फ उनको बदनाम करने की साजिश है।