हापुड़, सहारनपुर में मामूली बात को लेकर सांप्रदायिक बवाल
हापुड़ में मामूल विवाद ने सांप्रदायिक बवाल का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर और हथियार चल गए। इस घटना में 10 लोग घायल हुए हैं।
हापुड़/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना धौलाना के बड़ा मोहल्ला में मोटरबाइक की टक्कर लगने से दो समुदायों मे खूनी संघर्ष हो गया। दोनों समुदायों मे विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर फायरिंग और धारदार हथियार चले। इस खूनी संर्घष की सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुँच गये और मामले को शांत कराने में जुट गये। इस फसाद में दोनों समुदायों के दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें सरकारी अस्पताल मे भर्ती कराया गया जिसमें से दो की हालत को गंभीर है।

आठ दिन पहले के मामले पर हुआ सांप्रदायिक बवाल
मामला हापुड़ के थाना धौलाना के बड़ा मोहल्ले का है। यहां आठ दिन पहले एक पक्ष के युवक की मोटरबाइक दूसरे पक्ष के युवक से टकरा गई थी जिसके बाद दोनों लोगों मे विवाद हो गया। विवाद को मोहल्ले के लोगों ने सुलझा दिया। देर रात पुराने विवाद को लेकर एक समुदाय के युवक दूसरे समुदाय के लोगों से गाली-गलौज करने लगा जिसके चलते बवाल हो गया।

दोनों पक्षों के बीच चले ईंट-पत्थर, हथियार
फसाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की तरफ से ईंट-पत्थर और धारदार हथियार चले, फायरिंग की गई। इस बवाल में दोनों समुदायों के दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुँचकर मामले को शांत कराने मे जुट गये।

मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
वहीं गुस्साई सैकड़ों महिलाएं थाने मे पहुँचकर हंगामा करने लगीं। धीरे-धीरे दोनों समुदायों के लोग भारी संख्या मे थाने पर पहुँच गए। पुलिस ने समझा-बुझाकर सबको शांत किया। पुलिस के अधिकारी दोषियों को चिन्हित कर मुकदमा दर्ज करने की बात कह रहे है ।

सहारनपुर में बच्चों के विवाद में सांप्रदायिक संघर्ष
विवादों से सुलग रहे महानगर की शांति को एक बार फिर उस समय पलीता लगते-लगते रह गया, जब पेपर मिल रोड स्थित कांशीराम कालोनी में बच्चों को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद अलग-अलग सम्प्रदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पुलिस ने सूझबूझ के चलते मामला तूल पकड़ने से पहले ही संभाल लिया। खूनी संघर्ष में घायल हुए एक परिवार के चार सहित आधा दर्जन को जिला अस्पताल में मैडिकल उपचार दिलाया गया।
देहात कोतवाली के कांशीराम कालोनी में बच्चों के बीच सोमवार की देर रात मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। देर रात विवाद को लेकर दोनों परिवार के लोग आमने-सामने आ गये। देखते ही देखते उनमें मारपीट शुरू हो गई। धारदार हथियार भी चले। इसमें मांगेराम 5 सहित उसकी पत्नी मुकेश 43, दो पुत्र रजत 19, राहुल 22 तथा दूसरे पक्ष का इमरान 5 और उसका पुत्र चांद 16 लहूलुहान हो गए। दो समुदायों के बीच संघर्ष की सूचना मिलते ही पुलिस में भी हड़कम्प मच गया। सीओ द्वितीय थाना सदर बाजार, देहात कोतवाली व जनकपुरी पुलिस के साथ मोके पर पहुंच गये। उस समय भी लोग लहूलुहान हालत में दोनो पक्ष के घायल एक-दूसरे को जान से मार देने को उतारू थे। पुलिस अधिकारियो ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर अलग किया। दोनों पक्षों की बात सुनी। फिर महानगर के चल रहे माहौल का हवाला देकर दोनों पक्षों को किसी तरह शांत किया। पुलिस की सूझबूझ के चलते महानगर की शांति को बिगड़ने से बचा लिया गया। पुलिस ने आधी रात के समय घायलों का जिला अस्पताल में लाकर मैडिकल उपचार कराया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चों को लेकर दो पक्षों में आपस में विवाद हो गया था। दोनों को समझा दिया गया है। फिर भी अगर कोई तहरीर आती है, तो कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications