'गा नहीं सकता, बुलडोजर चला सकता हूं', सीएम योगी ने कलाकार से क्यों कही ये बात, जानिए पूरी कहानी
CM Yogi Viral Video: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधान भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ से आए लोक कलाकारों ने भी पारंपरिक कला और लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलाकारों और विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे। इसी दौरान एक कलाकार ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ होने वाली बुलडोजर कार्रवाई की तारीफ की। इस पर मुख्यमंत्री योगी ने मुस्कुराते हुए ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग हंस पड़े। सीएम के जवाब के बाद पूरा माहौल तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।

कलाकार ने की यूपी की तारीफ
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला और लोक नृत्य से लोगों का मनोरंजन किया। प्रस्तुति खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलाकारों से बातचीत करने पहुंचे और उनका हौसला बढ़ाया। इसी दौरान छत्तीसगढ़ के एक कलाकार ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के काम की तारीफ की। कलाकार ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ जिस तरह बुलडोजर कार्रवाई की जाती है, वह काफी प्रभावी और तारीफ के लायक है। उन्होंने प्रदेश सरकार के सख्त प्रशासनिक फैसलों की भी सराहना की।
ये भी पढ़ें: लाल किला की प्राचीर से भाषण देते वक्त पीएम मोदी से हुआ ब्लंडर? विपक्ष बोली-'सुपरह्यूमन बिना टेलीप्रॉम्प्टर के'
योगी ने दिया मजेदार जवाब
कलाकार की बात सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, "आप गा सकते हैं तो गीत गाते हैं, मैं गा नहीं सकता तो बुरे लोगों पर बुलडोजर चलाता हूं।"
मुख्यमंत्री का यह जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। कुछ ही देर में पूरा हॉल तालियों की आवाज से गूंज उठा। योगी के इस अंदाज ने कार्यक्रम के माहौल को और हल्का-फुल्का बना दिया।
कलाकारों और विद्यार्थियों का सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले कलाकारों और छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत को अपनी कला के जरिए मंच पर पेश करने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना की और उनका अभिनंदन किया।
सोशल मीडिया पर भी शेयर की तस्वीरें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच X पर कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ के विधान भवन में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों और कलाकारों को सरकारी आवास पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कलाकारों और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस लुक में हो गई भारी मिस्टेक! किस गलती को लेकर कांग्रेस ने खोला मोर्चा?


Click it and Unblock the Notifications
