बदायूं में बोले सीएम योगी, असंभव लगने वाले काम को पीएम मोदी ने करके दिखाया है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बदायूं में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा ऋषि-मुनियों और वेदों की पावन धरा जनपद बदायूँ में आज आयोजित 'प्रबुद्धजन सम्मेलन' में सम्मिलित हुआ। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ अपना देश दुनिया की बड़ी ताकत बन सके, इसके लिए यहां की जनता का आशीर्वाद और समर्थन भाजपा के साथ है। हार्दिक आभार बदायूँ वासियो!
बदायूं में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी की दृष्टि से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में आप सबका समर्थन और आशीर्वाद भाजपा के प्रत्याशी को प्राप्त हो इसके लिए हम यहां इकट्ठा हुए हैं। यह प्रबुद्धजनों का सम्मेलन है। बदायूं में तीसरे चरण में मतदान है, तीसरे चरण में आपके लिए अवसर है कि इस दौरान भाजपा के प्रत्याशी दुर्विजय सिंह साक्य और धर्मेंद्र कश्यप के लिए आम जनता जनार्दन को आप जगारुक कर सकें। इस दृष्टि से आप सभी से आग्रह करने के लिए मैं यहां आया हूं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सब जानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। मोदी जी ने देश को अमृतकाल के प्रथम वर्ष में एक संकल्प के साथ जोड़ा है, वह संकल्प है विकसित भारत। भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन सके इसके लिए मोदी जी को तीसरा कार्यकाल दीजिए। तीसरे कार्यकाल के तीसरे वर्ष में भारत को मोदी जी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के तौर पर स्थापित करने जा रहे हैं। विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित उत्तर प्रदेश के लिए विकसित बदायूं बहुत जरूरी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने मोदी जी के 10 वर्ष के कार्यकाल को देखा, बदलते हुए भारत को देखा। 7 वर्ष का मोदी जी के मार्गदर्शन में बदलते हुए उत्तर प्रदेश को देखा है। मोदी जी को तीसरा कार्यकाल मिलना चाहिए और उनके तीसरे कार्यकाल के लिए आम जनता को तैयार करना है। मोदी जी ने वो कार्य किए हैं जो पहले असंभव लगता था। कश्मीर में धारा 370 हटना असंभव लगता था, मोदी जी ने करके दिखाया। तीन तलाक पर रोक लगना, अयोध्या में राम मंदिर बनना असंभव लगता था, लेकिन मोदी जी ने करके दिखाया। देश की भावना जिसके साथ जुड़ी हुई थी, वो सभी काम हुए हैं। यह परिवर्तन पीएम मोदी जी की वजह से हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications