UP: 'पुलिस गोली न मारे तो क्या गोली खाए'? CM योगी ने एनकाउंटर के विरोधियों को दिया करारा जवाब, खौफ में अपराधी
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की कानून-व्यवस्था और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त मुठभेड़ नीति को लेकर एक बार फिर अपनी मंशा साफ कर दी है। राजधानी लखनऊ में आयोजित 'यूपी फार्मा कॉन्क्लेव' के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष और एनकाउंटर पर सवाल उठाने वाले लोगों पर सीधा प्रहार किया।
उन्होंने दो-टूक शब्दों में कहा कि अपराधियों के प्रति सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति में कोई बदलाव नहीं होगा और पुलिस बल को पूरी स्वतंत्रता है कि वह माफियाओं को उनकी ही भाषा में जवाब दे।

'अपराधियों को उसी की भाषा में समझाना जरूरी'
कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अक्सर कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई पर टिप्पणी करते हुए पूछते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों चलाई। इसका जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा, 'अगर अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है, तो क्या पुलिस गोली न मारे? क्या वह अपराधी की गोली खाए?'
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को प्रशिक्षण और हथियार इसलिए दिए जाते हैं ताकि वह डटकर मुकाबला कर सके। सीएम ने सख्त लहजे में कहा कि जो अपराधी जिस भाषा को समझता है, उसे उसी भाषा में समझाना आज की तात्कालिक परिस्थिति की मांग है।
'गुंडा टैक्स का दौर खत्म'
उत्तर प्रदेश के पुराने हालातों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब यूपी में 'अपहरण उद्योग' फलता-फूलता था और व्यापारियों से खुलेआम गुंडा टैक्स वसूला जाता था। अराजकता का आलम यह था कि त्योहारों पर दंगे होना आम बात थी। लेकिन जब से पुलिस ने अपराधियों को उनकी भाषा में समझाना शुरू किया है, तब से प्रदेश की तस्वीर बदल गई है। पिछले 9 वर्षों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में बड़े-बड़े त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं और कहीं भी दंगे या अराजकता की खबर नहीं आती।
'कानून के सामने अपना-पराया कोई नहीं'
भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ अपनी जंग को और स्पष्ट करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार के लिए कानून सर्वोपरि है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन से जुड़ा कोई 'अपना' व्यक्ति भी गलत करेगा, तो उस पर भी वही कठोर कानूनी कार्रवाई होगी जो किसी माफिया पर की जाती है। उनके अनुसार, सुरक्षा के इसी मजबूत माहौल के कारण ही आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए पहली पसंद बन चुका है।












Click it and Unblock the Notifications