सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं, कोविड19 प्रोटोकॉल पालन की दिलाई याद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि उमंग और उत्साह का यह त्योहार प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल लाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए हर्षोल्लास का यह त्योहार सावधानी से मनाएं। उन्होंने होली के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा।

प्रदेशवासियों को बधाई संदेश देते हुए सीएम योगी ने कहा कि होली देश की सनातन परंपरा का सबसे मुख्य पर्व है। यह सामाजिक समता, सौहार्द और उल्लास का प्रतीक भी है। कहा कि यह त्योहार पूरे समाज और उत्तर प्रदेश के वासियों के लिए मंगलमय हो। देश की प्राचीन गौरवशाली परंपरा के उदाहरण हैं ये पर्व और त्योहार जो लगातार पूरे साल मनाए जाते हैं। सनातन परंपरा में ये पर्व और त्योहार हर्षोल्लास लाने के साथ-साथ राष्ट्रीयता को दृढ़ता प्रदान करने के लिए प्रेरणास्पद पल भी हैं।
सीएम योगी ने कहा कि समाज और राष्ट्र में जो भी बड़ी परिवर्तनकारी घटनाएं हुईं उनको देश की ऋषि परंपरा ने पर्व, त्योहारों का रूप दिया। उनको धार्मिक मान्यता दी ताकि यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा और प्रकाश दें। कहा कि होली का त्योहार अधर्म, असत्य और अन्याय जैसी नकरात्मक चीजों से लड़ने की प्रेरणा देते हैं। इन त्योहारों में हलांकि शोक की कोई जगह नहीं है लेकिन इनको जोश से मनाने के साथ-साथ होश भी रखना आवश्यक है। इनकी पवित्रता और मर्यादा को बनाए रखना भी जरूरी है। सीएम ने लोगों से अपील की कि कोई ऐसा कार्य न करें जिससे पर्व की मर्यादा भंग हो। प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि त्योहार को सौहार्दपूर्ण और गरिमामय ढंग से मनाएं।












Click it and Unblock the Notifications