जापान में CM योगी का इन्वेस्टमेंट मिशन, सुजुकी-मिंडा कॉर्पोरेशन के साथ बड़ी डील, UP में मजबूत होगा ऑटो सेक्टर

सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने दो दिवसीय जापान दौरे के पहले दिन टोक्यो में नजर आए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन और मिंडा कॉर्पोरेशन के नेतृत्व के साथ हाई-लेवल मीटिंग में चर्चा की।

सीएम योगी ने सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष और प्रतिनिधि निदेशक तोशीहिरो सुजुकी से मुलाकात कर राज्य के औद्योगिक परिदृश्य पर चर्चा की। इसके साथ ही, उन्होंने मिंडा कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक आकाश मिंडा और उनके जापानी संयुक्त उद्यम भागीदारों के साथ भी बैठक की, जिसमें भविष्य की योजनाओं का खाका खींचा गया। आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को लेकर किस तरह के समझौतों पर मुहर लगी है...

cm yogi in japan

ऑटो कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग के लिए MoU पर हस्ताक्षर

मिंडा कॉर्पोरेशन (स्पार्क मिंडा ग्रुप) के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के ऑटो कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर सीएम योगी ने डेलिगेशन को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें भूमि आवंटन, बुनियादी ढांचा सहायता और अन्य सुविधाओं के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास, तकनीकी साझेदारी और रोजगार सृजन की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती है।

लॉजिस्टिक्स और मेडिकल डिवाइस पार्क में विस्तार की योजना

जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कोनोइके ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड (Konoike Transport Co., Ltd.) के सीनियर अधिकारियों से भी मुलाकात की। इस बैठक में कोनोइके कंपनी द्वारा उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर गहन चर्चा हुई।

सीएम योगी ने कंपनी को यमुना एक्सप्रेसवे (YEIDA) में बन रहे मेडिकल डिवाइस पार्क और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया, ताकि भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को और अधिक मजबूती दी जा सके।

सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर के लिए मित्सुई एंड कंपनी को आमंत्रण

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने मित्सुई एंड कंपनी (Mitsui & Co.) के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने कंपनी को उत्तर प्रदेश के तेजी से बढ़ते औद्योगिक विस्तार में सहभागी बनने का न्योता दिया। सीएम ने विशेष रूप से नवीकरणीय ऊर्जा, आईसीटी (ICT), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में परिवर्तनकारी निवेश के अवसरों पर चर्चा की।

इस चर्चा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश के विकास गलियारों (Growth Corridors) को मजबूत करना और राज्य को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (Global Supply Chain) के साथ एकीकृत करना है।

द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने का दो दिवसीय दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज और कल के अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान कई और प्रमुख बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनका यह दौरा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और जापान के बीच द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने और राज्य के लिए निवेश के नए द्वार खोलने पर केंद्रित है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर जापानी निवेश आएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+