बांग्लादेशी हिंदू परिवारों को पहली बार मिलेगा मालिकाना हक, CM योगी सौंपेंगे भूमिधारी अधिकार पत्र
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी जनपद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे एक ऐतिहासिक निर्णय को जमीन पर उतारेंगे। सीएम योगी यहां बांग्लादेश से विस्थापित होकर आए 331 हिंदू परिवारों को भूमिधारी अधिकार पत्र सौंपेंगे।
आजादी के बाद से ये परिवार दशकों तक अपनी जमीन के मालिकाना हक के लिए संघर्ष कर रहे थे। हालांकि इनका पुनर्वास बहुत पहले हो चुका था, लेकिन स्थायी स्वामित्व न होने के कारण इन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब राज्य सरकार की इस पहल से उन्हें कानूनी रूप से जमीन का मालिक बनाया जा रहा है।

धौरहरा और मोहम्मदी क्षेत्रों के लिए भी बड़ी सौगात
अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले के धौरहरा और मोहम्मदी क्षेत्रों के लिए भी बड़ी सौगात देंगे। वे यहां करीब 417 करोड़ रुपये की लागत वाली 213 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
थारू जनजाति को मिलेगा अपना अधिकार
कार्यक्रम के अगले चरण में मुख्यमंत्री पलिया क्षेत्र के चंदन चौकी जाएंगे। यहां वे थारू जनजाति के 4556 परिवारों को भौमिक अधिकार पत्र वितरित करेंगे। जनजातीय समुदाय लंबे समय से अपनी जमीन पर कानूनी अधिकार की मांग कर रहा था। इस कदम से न केवल उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण होगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी व्यापक सुधार आने की संभावना है।
817 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
इसके अलावा, मुख्यमंत्री पलिया, श्रीनगर, निघासन और गोला क्षेत्रों के लिए 817 करोड़ रुपये की लागत वाली 314 विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications