UP में क्रिसमस पर स्कूलों की छुट्टी होगी या नहीं? योगी सरकार ने लिया चौंकाने वाला फैसला
Christmas Holiday: उत्तर प्रदेश में क्रिसमस पर स्कूलों की छुट्टियों को लेकर योगी सरकार ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। जहां देश के कई राज्यों में क्रिसमस की लंबी छुट्टियां शुरू हो गई हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के छात्र इस बार 25 दिसंबर को क्लासरूम में नजर आएंगे।
योगी सरकार ने निर्देश दिया है कि गुरुवार (25 दिसंबर) को प्रदेश के सभी स्कूल सामान्य दिनों की तरह ही खुलेंगे। इस बार सरकार ने क्रिसमस की छुट्टी रद्द करते हुए छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। इस फैसले के पीछे का मुख्य कारण पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी (100वीं जयंती) है।

सरकार चाहती है कि इस ऐतिहासिक अवसर पर स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और छात्रों को अटल जी के जीवन व उनके योगदान से परिचित कराया जाए।
देश के अन्य राज्यों में क्या है स्थिति?
उत्तर प्रदेश का यह फैसला केरल, राजस्थान और पंजाब जैसे राज्यों से बिल्कुल उलट है, जहां क्रिसमस और सर्दियों की लंबी छुट्टियां घोषित की गई हैं:
- केरल: यहां 24 दिसंबर से ही स्कूल बंद हो चुके हैं और अब सीधे 5 जनवरी को खुलेंगे।
- राजस्थान: सरकार ने 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश (Winter Vacation) की घोषणा की है।
- पंजाब: यहां सबसे लंबी छुट्टियां दी गई हैं, स्कूल 22 दिसंबर से 10 जनवरी तक बंद रहेंगे।
- दिल्ली, हरियाणा, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश: इन राज्यों में भी क्रिसमस के दिन स्कूलों में अवकाश रहेगा।
क्यों खास है यह फैसला?
उत्तर प्रदेश में पिछले कई सालों से क्रिसमस (25 दिसंबर) को सार्वजनिक अवकाश के रूप में मनाया जाता रहा है और स्कूल बंद रहते थे। लेकिन इस बार अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती होने के कारण सरकार ने इसे 'सुशासन दिवस' के रूप में भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उसी दिन वाजपेयी जी की याद में वाद-विवाद प्रतियोगिता, निबंध लेखन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करें।












Click it and Unblock the Notifications