Chandauli Lok Sabha: न सांसद को देखे, न मालूम है नाम, बस पीएम मोदी के नाम पर देते हैं वोट
Chandauli Lok Sabha Ground Report: कहा जाता है कि दिल्ली स्थित पीएम की कुर्सी का सफर उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। 80 लोकसभा सीटों वाले यूपी में जिस पार्टी के पास ज्यादा सांसद होते हैं, वही दिल्ली में पीएम की कुर्सी पर काबिज होती है।
लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल अभी नहीं बजा है लेकिन सभी राजनीतिक दलों के नेता जमीनी स्तर पर अपनी पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं। सत्ता पक्ष के नेता जहां विकास और हिंदुत्व के एजेंडे के साथ प्रचार में जुटे हैं, वहीं विपक्षी दल महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर सत्ता पक्ष को घेरने में लगे हैं।

इसी कड़ी में वन इंडिया हिंदी की टीम उत्तर प्रदेश का सियासी माहौल जानने निकली है। वन इंडिया हिंदी के रिपोर्टर प्रवीण कुमार यादव जब यूपी के चंदौली लोकसभा क्षेत्र के अजगरा विधानसभा के गांवों में पहुंचे और लोगों से राज जाना तो कई सच सामने आए। ऐसे में आइए जानते हैं चंदौली में क्या माहौल है?
दो बार सांसद बने लेकिन क्षेत्र में दिखाई नहीं दिए
अजगरा विधानसभा के बीरापट्टी इलाके में पहुंची टीम ने लोगों से बात की तो अधिकतर लाेगों का यही कहना था कि उन्होंने अपने सांसद को आज तक नहीं देखा। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में एक दों बार बीजेपी के नेता आए लेकिन सांसद कभी नहीं दिखे।
लोगों से सवाल किया गया कि क्षेत्र में न निकलने के बावजूद भी महेंद्र नाथ पांडेय दोबारा कैसे सांसद चुने गए? जिस पर कमलेश कुमार पटेल नामक युवक ने जवाब दिया कि वो केवल पीएम मोदी को देखकर वोट करते हैं।
रंजीत‚ महेश‚ राहुल‚ लल्लन समेत कई अन्य लोगों ने भी यही जवाब दिया। लोगों द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के बारे में सोचा जा रहा है। प्रधानमंत्री जी द्वारा देश का विकास किया जा रहा है और उनके जैसा मजबूत दूसरा नेता देश में नहीं है।
ऐसे में हमारी कोशिश है कि बीजेपी से चुनाव लड़ने वाला कोई भी उम्मीदवार हो, हम उसे जिताएंगे तो ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम पद पर रहेंगे। ऐसे में पीएम मोदी के नाम पर ही वोटिंग की जाती है।
अजगरा विधानसभा के चंदीपट्टी गांव निवासी मंजीत पटेल ने कहा कि सांसद के क्षेत्र में नहीं निकलने से जनता काफी नाराज है। ऐसे में अगर 24 में भारतीय जनता पार्टी को टिकट देते समय प्रत्याशी के नाम चयन पर विचार करना चाहिए।
INDIA गठबंधन हुआ तो विपक्ष को मिलेगा फायदा
ज्यादातर लोगों का कहना है कि अगर INDIA गठबंधन सफल रहता है और गठबंधन का उम्मीदवार चुनाव लड़ता है तो बीजेपी उम्मीदवार के लिए उसे हराना मुश्किल होगा। इसी तरह जातीय जनगणना का मुद्दा भी आने वाले चुनाव में इस सीट पर भी देखने को मिलेगा।
चंदौली लोकसभा एक नजर में
चंदौली लोकसभा में पांच विधानसभाएं हैं, जिनमें से अजगरा और शिवपुर वाराणसी जिले की हैं, जबकि सैयदराजा, मुगलसराय और सकलडीहा आदि चंदौली जिले की विधानसभाएं हैं। वर्तमान में केवल सकलडीहा सीट ही सपा के पास है जबकि अन्य चार विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है।
बात करें चंदौली लोकसभा के जातीय समीकरण की तो यहां यादवों की संख्या सबसे अधिक है। चंदौली लोकसभा में करीब 2 लाख पचहत्तर हजार से अधिक यादव और दूसरे नंबर पर दलित हैं। दलित वोटरों की संख्या दो लाख साठ हजार से अधिक है। इसके अलावा कुर्मी, मौर्या, ब्राम्हण‚ मुश्लिम‚ राजपूत और राजभर आदि जातियां भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications