फेसबुक पर पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र कमेंट, सपा प्रदेश सचिव पर केस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सपा नेता ने फेसबुक पर स्टेटस डाला, जो वायरल हो गया। इस पर नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और थाने में केस दर्ज करवाया।
इलाहाबाद। सोशल नेटवर्किंग साइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करना सपा के प्रदेश सचिव को महंगा पड़ गया। देर रात भाजपाइयों के प्रदर्शन के बाद सपा के लोहिया प्रदेश वाहिनी के प्रदेश सचिव महबूब आलम पर एफआईआर दर्ज हुई। महबूब आलम ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी जिससे भाजपा कार्यकर्ता नाराज थे। उन्होंने थाने में शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराया।

वायरल हुई थी पोस्ट
लोहिया प्रदेश वाहिनी के प्रदेश सचिव महबूब आलम ने चुनावी कार्यक्रम के दौरान फेसबुक पर एक पोस्ट डाली जिसमें पीएम मोदी के लिये अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। देखते ही देखते यह खबर फेसबुक, वाट्सऐप पर वायरल हो गई। इससे खफा भाजपाइयों ने पुलिस में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन किया गया। देर रात कौशांबी के चायल विधानसभा के बीजेपी प्रत्याशी संजय गुप्ता की तहरीर पर प्रदेश सचिव महबूब आलम के खिलाफ कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईटी एक्ट में कार्रवाई
आलम के विरुद्ध आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के बाद अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिये आईटी सेल को भी इत्तला कर दी गई है। बता दें कि कौशांबी के कोखराज भरवारी निवासी महबूब आलम उर्फ सज्जू सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव हैं और हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। फिलहाल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश में वह इस बार कानूनी धाराओं में उलझ गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications