छत्तीसगढ़: ओपी चौधरी को हराने के लिए बसपा ने दिया कांग्रेस को समर्थन, प्रत्याशी ने लिया नाम वापस
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की सीट राजनांदगांव के बाद जिस सीट पर सबसे ज्यादा निगाहें हैं वह है रायगढ़ जिले की खरसिया सीट। इस सीट पर भाजपा से पूर्व कलेक्टर ओपी चौधरी तो कांग्रेस से यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उमेश पटेल मैदान में हैं। इन दोनों के मुकाबले के बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ)- बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन से प्रत्याशी विजय जायसवाल ने कांग्रेस को समर्थन देने के लिए अपना नाम वापस ले लिया।

विजय जायसवाल ने कहा मेरी मौजूदगी चुनाव में वोट काटती और उसका फायदा बीजेपी को होता जो मैं नहीं चाहता था। क्षेत्र के व्यापक हित को देखते हुए मैने उमेश पटेल का समर्थन किया है। हालांकि, इससे पहले ओपी चौधरी के पक्ष में कांग्रेस के कई नेताओं ने पार्टी छोड़ी है। सियासी सूत्रों का कहना है, ओपी चौधरी से प्रचार कैम्पेनिंग में पिछड़ने पर उमेश ने पहली बार अपनी भाभी को भी चुनाव प्रचार में उतार दिया है। उनकी भाभी भावना पटेल झीरम नक्सली हमले में मारे गए दिनेश पटेल की पत्नी हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में उनकी भाभी प्रचार से दूर रही थीं। लेकिन, ओपी चौधरी के पक्ष में बनते माहौल से कांग्रेस की सबसे सुरक्षित सीट अब खतरे में दिख रही है। अब देखना होगा कि बसपा प्रत्याशी के उमेश के पक्ष में आने से उन्हें कितना फायदा मिल पाता है।

ओपी चौधरी को जिताने के लिए भाजपा का पूरा संगठन मैदान में है। कई बड़े नेताओं को प्रचार के लिए खरसिया भेजा जा रहा है। ओपी चौधरी ने अपने कैंपेन में नवा खरसिया नाम से घोषणा पत्र बनाने का भी ऐलान किया है। भाजपा ने खरसिया के लिए अलग तरह की रणनीति तैयार कि है मुख्यमंत्री रमन सिंह खुद इस सीट को लेकर मेहनत कर रहे हैं। इसलिए विकास यात्रा के दौरान एक रोड शो वहां आयोजित किया गया था।

ओपी चौधरी के रमन सिंह से हैं अच्छे रिश्ते
ओपी चौधरी आईएएस पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए थे। ओपी चौधरी के भाजपा में शामिल होने के बाद से छत्तीसगढ़ चुनावों में हो हल्ला बढ़ गया है। बताया जाता है कि ओपी चौधरी और रमन सिंह के रिश्ते काफी अच्छे हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद ओपी चौधरी जब पहली बार दिल्ली से रायपुर लौटे तब ओपी चौधरी का रायपुर एयरपोर्ट पर भाजपाइयों ने जमकर स्वागत किया। ढोल नगाड़ों के साथ ओपी चौधरी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। ओपी चौधरी ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यालय एकात्म परिसर पहुंचे। ओपी चौधरी के बीजेपी में आने पर सीएम रमन सिंह ने कहा था कि ओपी चौधरी बेस्ट कलेक्टर थे और उन्होंने बड़ा फैसला लेते हुए बीजेपी ज्वॉइन की है। ऐसे में पार्टी उनका बेहतर उपयोग करेगी।












Click it and Unblock the Notifications