Yamuna Boat Capsized: यमुना में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटी, 10 लोगों की मौत, कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
Boat Capsized in Yamuna River: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। वृंदावन के केशी घाट के पास यमुना नदी में 30 श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में 7 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि 5 लोग अब भी गहरे पानी में लापता बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF और सेना को भी मौके पर बुला लिया गया है।

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे जब ये सभी नाव पर सवार होकर यमुना भ्रमण कर रहे थे, तभी अचानक चली तेज हवाओं ने नाव का संतुलन बिगाड़ दिया।
- पुल से टक्कर: असंतुलित नाव पास ही बने पांटून पुल से जा टकराई और पलट गई।
- बड़ी लापरवाही: एसडीएम ऋतु सिरोही के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। 'ओवरलोडिंग' ही इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बनी है।
हादसे के बाद पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) की 8 यूनिट्स और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। मथुरा के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने सभी घायलों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, नाव में सवार सभी श्रद्धालु बांके बिहारी क्लब के सदस्य थे। डीआईजी शैलेश पांडेय ने बताया कि, ये सभी पर्यटक दो नावों में सवार थे। एक पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है। 12 घायलों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 से 5 लोगों के अभी लापता होने की सूचना है।
नाव पर सवार किसी भी पर्यटक के पास नहीं थी लाइफ जैकेट
अब तक जो रिपोर्ट सामने आई है उसके अनुसार, यमुना नदी में हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरी तरह से मानवीय लापरवाही का नतीजा नजर आता है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जिस नाव की क्षमता महज 15 लोगों की थी, उसमें नाविक ने लालच में आकर 25 श्रद्धालुओं को सवार कर लिया था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आलम यह था कि नाव पर मौजूद किसी भी पर्यटक ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी।
चश्मदीदों ने क्या बताया?
चश्मदीदों के अनुसार, बीच नदी में तेज हवाओं के कारण नाव अनियंत्रित हो गई और अपनी तेज रफ्तार की वजह से सीधे पांटून पुल (पीपा पुल) से जा टकराई, जिससे वह बीच धारा में पलट गई। फिलहाल, स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ सेना की इंजीनियरिंग कोर सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि लापता लोगों का सुराग लगाया जा सके।
पंजाब से आया 150 श्रद्धालुओं का जत्था
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि प्रभावित होने वाले लोग पंजाब के लुधियाना और मुक्तेश्वर से आए 150 सदस्यों के एक बड़े दल का हिस्सा थे प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह नाव किसी सरकारी एजेंसी की नहीं, बल्कि एक निजी नाविक की थी।
सीएम योगी ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को आदेश दिया कि राहत कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही, घायलों के बेहतर उपचार और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications