प्रियंका गांधी के रोड शो में लगे मोदी और योगी के समर्थन में नारे, बदले में प्रियंका ने दिया शानदार जवाब
अलीगढ़, फरवरी 05। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान 10 फरवरी को होना है। जैसे-जैसे ये तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सभी राजनीतिक पार्टियों के दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अलीगढ़ में जोरदार चुनाव प्रचार करने पहुंची। प्रियंका गांधी ने अलीगढ़ के इगलास विधानसभा क्षेत्र में एक रोड शो किया, जिसमें भारी भीड़ देखने को मिली। प्रियंका गांधी के इसी रोड शो में बीजेपी का झंडा थामे कुछ लोगों ने पीएम मोदी और सीएम योगी के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।

प्रियंका ने बीजेपी समर्थकों को दिया कांग्रेस यूथ का मेनिफेस्टो
अपने रोड शो में बीजेपी के समर्थन में नारेबाजी लगते देख प्रियंका गांधी जरा भी नाराज या फिर गुस्से में नहीं दिखीं, बल्कि उन्होंने हंसते हुए बीजेपी समर्थकों से बातचीत की और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी का यूथ मेनिफेस्टो 'भर्ती विधान' थमा दिया। इस दौरान बीजेपी के समर्थन में नारे लगा रहे लोगों ने भी प्रियंका गांधी से बातचीत की। प्रियंका गांधी ने एक बीजेपी समर्थक को यूथ कांग्रेस का मेनिफेस्टो देते हुए कहा कि ये पढ़ लो, ये पढ़ लो।
प्रीति धनगर के समर्थन में वोट मांगने गई थीं प्रियंका
आपको बता दें कि प्रियंका गांधी इगलास में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर के समर्थन में वोट मांगने के लिए पहुंची थी। इस दौरान प्रियंका गांधी ने लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की और पूरा आधा घंटे तक रोड शो किया। प्रियंका इगलास में पथवारी मंदिर पर प्रत्याशी को गाड़ी से उतारने के बाद अलीगढ़ गोंडा मोड़ से अलीगढ़ के लिए रवाना हुईं। प्रियंका गांधी ने अलीगढ़ के रेलवे रोड से रोड शो शुरू किया था।












Click it and Unblock the Notifications