किन्नर ने SDM संगीता राघव को फोन पर दी थी धमकी, पुलिस ने बिहार बॉर्डर से पकड़ा, जानें पूरा मामला
Saharanpur SDM Sangeeta Raghav: सहारपुर में नकुड़ तहसील की एसडीएम संगीता राघव को फोन पर धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने यूपी-बिहार के बार्डर से गिरफ्तार कर लिया है। धमकी देने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पहले सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि एसडीएम संगीता राघव को धमकी देने वाला व्यक्ति भाजपा नेता है और एक मंत्री का करीबी है। लेकिन इस मामले में केस दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने आरोपी ट्रांसजेंडर को गिरफ्तार किया तो लोग हैरान रह गए।

बताया जा रहा है कि किन्नर बलिया जिले का रहने वाला है और इससे पहले भी वह कई ऐसे अपराध कर चुका है जिसके चलते उसके खिलाफ पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल वह गोरखपुर में दर्ज एक मुकदमे में 12 हजार रुपये का वांछित भी बताया जा रहा है।
आईए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
दरअसल, करीब पांच दिन पहले सहारनपुर की नकुड़ तहसील की एसडीएम संगीता राघव को एक व्यक्ति ने फोन किया था। फोन करने वाले ने उन्हें धमकाते हुए गाली-गलौज भी की।
मामले का ऑडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पता चला कि एसडीएम फोन करने वाले से विनम्रता से बात कर रही थीं, जबकि फोन करने वाला उनसे बदतमीजी से बात कर रहा था। मामले को लेकर एसडीएम ने नकुड़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई। लोकेशन के आधार पर पता चला कि आरोपी देवरिया का रहने वाला है, इसके बाद जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो वह वहां से भाग चुका था। फिर बाद में उसकी लोकेशन बिहार बॉर्डर पर मिली।
ऐसे में पुलिस की टीम वहां पहुंची और रविवार शाम को बिहार बॉर्डर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के बाद पता चला कि एसडीएम को धमकाने वाला कोई युवक नहीं बल्कि एक ट्रांसजेंडर है। उसका नाम चांदनी उर्फ चंदन है जो बलिया के रसड़ा थाने के छितौनी गांव की रहने वाली है।
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी किन्नर के खिलाफ गोरखपुर, बलिया, मऊ, भदोही, देवरिया आदि जिलों में एक दर्जन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गोरखपुर में दर्ज मुकदमे में वह फरार चल रहा था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications