भाजपा विधायक के साथ टोल कर्मियों ने की बदसलूकी, आईडी कार्ड फेंका
भाजपा विधायक के साथ अलीगढ़ के करीब टोल प्लाजा पर हुई बदसलूकी, विधायक के समर्थकों के साथ मारपीट
लखनऊ। यूपी की कमान संभालने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने विधायकों को साफ निर्देश दिए थे कि वह अपनी गाड़ियों पर हूटर और पार्टी का झंडा नहीं लगाए, लेकिन भाजपा के विधायक विजय कश्यप के साथ अलीगढ़ के पास टोल प्लाजा पर टोल के अधिकारियों के विधायक और उनके समर्थकों के साथ बदसलूकी की खबर सामने आई है। जब टोल अधिकारी विधायक को पहचान नहीं सके तो उन लोगों ने इनके साथ बदसलूकी की, जिसके बाद इस घटना की शिकायत पुलिस से की गई और एक टोल कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

समर्थकों से हुई मारपीट
यह घटना शनिवार को उस वक्त हुई जब विधायक विजय कश्यपर सहारनपुर से लखनऊ जा रहे थे। विधायक का इस मामले में कहना है कि जिस वक्त मेरा ड्राइवर वीआईपी लेन से जा रहा था तो उसे एक गार्ड ने रोक लिया, जब ड्राइवर ने यह बताया कि यह गाड़ी विधायक की है तो गार्ड ने बदसलूकी की और कहा कि बहुत से लोग आते हैं और खुद को विधायक बताते हैं, जिसके बाद उसने हम सबसे गाड़ी से बाहर निकलने को कहा, यही नहीं जब मेरे दोस्त ने उसे मेरा आईडी कार्ड दिखाया तो उसने उसे फेंक दिया।
आईडी कार्ड फेंका
गार्ड के इस बर्ताव के बाद मेरे समर्थकों में नाराजगी बढ़ी और इन लोगों ने उससे बहस करनी शुरु कर दी, जिसके बाद मौके पर तकरीबन 20-25 लोग इकट्ठे हो गए जिसमें टोल कर्मचारी भी थे और इन लोगों ने मेरे दोस्तों को मारना शुरु कर दिया। यही नहीं टोल कर्मचारी मुझे भी मारने जा रहे थे लेकिन मैंने तुरंत एसएसपी को फोन किया और वहां से एक पुलिस की टीम आई। जिसके बाद घटना की एफआईआर दर्ज कराई गई। विधायक और उनके समर्थकों की शिकायत पर मामला दर्ज कराया गया है।
क्या कहा टोल प्लाजा ने
गबाना पुलिस स्टेशन के एसएचओ राजीव यादव ने बताया कि इस मामले में 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, यह घटना टोल प्लाजा से कुछ ही दूरी पर हुई है, लिहाजा सीसीटीवी कैमरे में कुछ कैद नहीं हो पाया है। वहीं इस पूरी घटना पर टोल प्लाजा के मैनेजर पवन चौधरी का कहना है कि विधायक का ड्राइवर उस लेन से जा रहा था जो अभी निर्माणाधीन है, जिसके बाद गार्ड ने उन्हें रोका और दूसरी लेन से जाने को कहा, किसी ने विधायक का आईडी कार्ड नहीं फेंका है। विधायक के लोगों ने कर्मचारियों को मारा भी।












Click it and Unblock the Notifications