BJP नेता के भाई ने लेडी डॉक्टर पर तानी रिवॉल्वर, दी जान से मारने की धमकी, देखें CCTV फुटेज
रायबरेली। उत्तर प्रदेश में बीजेपी नेताओं की दबंगई थमने का नाम नहीं ले रही है। रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को भाजपा नेता के भाई और उसके साथियों ने दबंगई दिखाते हुए महिला चिकित्सक पर रिवाल्वर तान दी। वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में चिकित्सक के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। घटना के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन समेत साथी डॉक्टरों ने एएसपी से शिकायत की और मामले से संबंधित तहरीर दी है। हालांकि इस दौरान भाजपा नेता बीच-बचाव कर विवाद सुलझाने की कोशिश करते दिखे हालांकि आपसी सहमति बनने के बाद एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है।

क्या था मामला
शहर के रफी नगर में डॉ शैलजा सिंह का क्लीनिक है। बुधवार सुबह 11:20 पर डॉक्टर शैलजा सिंह और भाजपा नेता अतुल सिंह के भाई के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। बताते हैं कि भाजपा नेता के भाई व अपने अन्य साथियों के साथ चिकित्सक के केबिन में घुस कर महिला चिकित्सक पर रिवाल्वर तान दिया और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर शहर कोतवाल हंसराज यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर भाजपा नेता का भाई और उसके साथी भाग निकले। फोन पर एफआईआर दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

एएसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना के बाद आईएमए के पदाधिकारी पीड़ित महिला चिकित्सक को लेकर एएसपी शशि शेखर सिंह से मिले और कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया। जिला अस्पताल से लेकर प्राइवेट डॉक्टरों में गहमा गहमी रही। शाम तक दोनों पक्षों में सुलह समझौता की कोशिश चलती रही। कोतवाल का कहना है कि महिला चिकित्सक की सूचना पर घटना की जांच की गई है। मामले में तहरीर दी गई है। हालांकि मामला शांत दिखाई दे रहा है क्योंकि डॉक्टर की क्लीनिक और विरोधी पार्टी भाजपा नेता के आमने-सामने हैं।












Click it and Unblock the Notifications