यूपी विधानसभा चुनाव 2017: बीजेपी के घोषणा पत्र की 15 बड़ी बातें

बीजेपी के घोषणा पत्र में हर वर्ग को साधने की कोशिश की गई है। इसमें किसानों, मजदूरों, गरीबों से लेकर राम मंदिर का मुद्दा भी शामिल है। पढ़िए, बीजेपी के घोषणा पत्र की बड़ी बातें...

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनावी घोषणा पत्र को सबके सामने रखा। पार्टी ने इस घोषणा पत्र का नाम लोक कल्याण संकल्प पत्र रखा है। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि हमने यूपी में अलग-अलग वर्गों के बीच जाकर उनकी राय ली है। बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर घूम कर लोगों के बीच काम कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि एक बार यूपी की जनता हमें एक मौका दीजिए हम यूपी को बीमारु राज्य से बाहर निकालेंगे।

amit shah यूपी चुनाव को लेकर बीजेपी के घोषणा पत्र की 15 बड़ी बातें

बीजेपी के लोक कल्याण संकल्प पत्र की बड़ी बातें...

1- बीजेपी के घोषणा पत्र में एक बार फिर राम मंदिर का मुद्दा अहम रहा। सरकार बनने पर संवैधानिक तरीके से राम मंदिर बनाने का प्रयास करती रहेगी।

2- सभी लघु एवं सीमांत किसानों का फसली ऋण माफ किया जाएगा। किसानों को ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया जाएगा। भविष्य में गन्ना किसानों को फसल बेचने के 14 दिनों के भीतर पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार बनने के बाद 120 दिनों के भीतर बैंकों और चीनी मिलों के समन्वय से गन्ना किसानों की बकाया राशि का पूर्ण भुगतान कराया जाएगा। 2022 तक उत्तर प्रदेश के किसानों की कृषि आमदनी को दोगुना करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

3- गरीब छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए 500 करोड़ रुपये के बाबा साहेब आंबेडकर छात्रवृत्ति कोष की स्थापना की जाएगी। प्रदेश की सभी लड़कियों को अहिल्याबाई कन्या निशुल्क शिक्षा के अंतर्गत स्नातक स्तर तक की शिक्षा नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। कॉलेज में दाखिला लेने पर प्रदेश के सभी युवाओं को जाति और धर्म के भेदभाव के बिना मुफ्त लैपटॉप दिया जाएगा। इसमें एक साल के लिए एक जीबी डाटा भी मुहैया कराई जाएगी।

4- प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 'शोध एवं विकास' पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 10 नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की जाएगी। प्रदेश के सभी शिक्षा मित्रों की रोजगार समस्या को 3 महीने में न्यायोचित तरीकों से सुलझाया जाएगा। प्रदेश में एक नए महामना पंडित मदन मोहन मालवीय संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।

5- 1,000 करोड़ रुपये के स्टार्ट-अप वेंचर कैपिटल फंड की स्थापना की जाएगी। प्रदेश की प्रत्येक तहसील में आधुनिक कौशल विकास केंद्र की स्थापना की जाएगी। 90 दिनों के भीतर राज्य सरकार के सभी रिक्त पदों के लिए भर्ती की पारदर्शी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अगले 5 वर्षों में 70 लाख रोजगार एवं स्व-रोजगार के अवसर उत्पन्न किए जाएंगे। सभी सरकारी कॉन्ट्रैक्ट के लिए ई-टेंडरिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। सभी लोगों को समयबद्ध, तेज व सुलभ न्याय का अधिकार दिया जाएगा। रेड 3, 4 की नौकरियों में बिना जाति-धर्म पक्षपात के भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए इंटरव्यू समाप्त किया जाएगा।

6- दीन दयाल सुरक्षा बीमा योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों का 2 लाख रुपये तक का बीमा मुफ्त करवाया जाएगा। भूमिहीन कृषि मजदूरों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ के लिए सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे। भूमिहीन कृषि मज़दूरों को गौधन योजना के तहत दुधारू पशु मिलेंगे। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की व्यवस्था होगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ हर इच्छुक व जरूरतमंद किसान को मिलेगा।

7- प्रदेश के हर ब्लॉक पर गोदाम और कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था होगी। 3 साल में हर किसान के पास सॉइल कार्ड होगा। आवारा पशुओं से फसल को नुकसान नहीं हो, सरकार आने पर इसके लिए जरूरी इंतजाम किया जाएगा।

8- बीजेपी की सरकार आने पर हर खेत को पानी देने के लिए 20 हज़ार करोड़ से 'मुख्यमंत्री कृषि सिंचाई फंड' बनेगा। बाढ़ से बचने के लिए नदियों और बांधों की डी-सिल्टिंग होगी। नए बांध बनेंगे।

9- अगले 5 साल में प्रदेश में दुग्ध क्रांति लाई जाएगी।15 करोड़ रु. का डेरी विकास फंड बनेगा। सभी अवैध बूचड़खानों को कठोरता से बंद किया जाएगा। फल पट्टियों का विकास करके बागवानी को बढ़ावा दिया जाएगा।

10- मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और उससे जुड़े लोगों के कल्याण के लिए 100 करोड़ का कोष और एक मत्स्य पालक कल्याण फंड बनेगा। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जैविक प्रमाणीकरण संस्था गठित की जाएगी।

11- उत्तर प्रदेश को 'फूड पार्क राज्य' के रूप में विकसित किया जाएगा। फूड प्रोसेसिंग पर आधारित लघु उद्योगों को ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। गन्ने से सीधे इथेनॉल बनाए का प्रयोगात्मक प्रयत्न किया जाएगा, ताकि किसानों को सही मूल्य मिले।

12- हर जिले में 'एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स' स्थापित किया जाएगा। जिसके जरिए भू-माफियाओं की ओर से जब्त की गई जमीनों को मुक्त कराया जाएगा। सरकार आने पर 100 हेल्पलाइन योजना में व्यापक सुधार और विस्तार करते हुए तय किया जाएगा कि सूबे में कहीं से भी कॉल करने पर 15 मिनट में पुलिस सहायता पहुंचाई जाए।

13- सभी नागरिकों की सुरक्षा बगैर किसी जाति-धर्म भेदभाव के होगी। यूपी में बीजेपी की सरकार आने पर FIR कराना आसान होगा। बेहतर निगरानी के लिए सभी पुलिस रेकॉर्ड डिजिटाइज किए जाएंगे। सांप्रदायिक तनाव के चलते पलायन रोकने को पुलिस का एक विशेष विभाग बनाया जाएगा।

14- जेलों का आधुनिकीकरण करके वैज्ञानिक पद्धति से जेल से चलने वाला संगठित अपराध रोका जाएगा। पुलिस में रिक्त 1.5 लाख पदों को बगैर किसी भेदभाव के सिर्फ मेरिट के आधार पर भरा जाएगा।

15- पांच साल के अंदर 24 घंटे बिजली का वादा बीजेपी ने किया। सभी गरीब परिवारों को 100 यूनिट तक बिजली 3 रुपये प्रति यूनिट के आधार पर मुहैया कराई जाएगी। बुंदेलखंड के लिए बुंदेलखंड विकास बोर्ड और पूर्वांचल के लिए पूर्वांचल विकास बोर्ड बनाया जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+