महिला सुरक्षा के मुद्दे को और धार देगी बीजेपी, जानिए अपर्णा और अदिति पर क्यों लगाया दांव
लखनऊ, 24 जनवरी: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अब महज एक ही महीने दूर है। इसको लेकर अब सभी दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। बीजेपी ने भी अब कांग्रेस के महिला मुद्दे को काउंटर करने के लिए बीजेपी में चर्चित महिलाओं को आगे कर नई मुहिम शुरू की है। बीजेपी यह दावा कर रही है कि यूपी में बीजेपी के शासन में बहु बेटियों की इज्जत सुरक्षित है। इस अभियान में हाल ही में बीजेपी में शामिल हुईं मुलायम की छोटी बहु अपर्णा यादव, रायबरेली से महिला विधायक अदिति सिंह और बीजेपी में शाामिल हो चुकीं प्रियंका मौर्य को आगे किया है। इस बहाने बीजेपी एक तीर से कई निशाना साधना चाहती है।

महिलाओं को आगे कर कांग्रेस को काउंटर करने की तैयारी
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर हुए कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, अपर्णा यादव, रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और प्रियंका मौर्य ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके बाद हुए कार्यक्रम के दौरान मेयर संयुक्ता भाटिया, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा एवं महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं द्वारा तीनों ही नेताओं का भाजपा परिवार में स्वागत अभिनंदन किया गया।

बीजेपी सरकार में मिला महिलाओं को सम्मान
इस मौके पर अपर्णा यादव ने कहा कि राष्ट्रवाद की वजह से बीजेपी को चुना, बीजेपी सरकार में महिलाओं को सम्मान मिला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच और दूर दृष्टि से समाज में बहुत ही सकारात्मक बदलाव हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी वो पार्टी है जिसने देश को बचाया है। मैं एक नए भारत के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बढ़ना चाहती हूं। मुझे इस नए भारत में योगी जी के साथ रंग भरने का अवसर मिले। कहा कि हमें देश और प्रदेश की उन्नति के लिए बीजेपी जरूरी है। बीजेपी जीतेगी तो देश और प्रदेश दोनों की तरक्की होगी, गरीबों का कल्याण होता रहेगा, बहू बेटियां सुरक्षित रहेंगी, सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का संकल्प पूरा होता रहेगा।
योगी सरकार की महिला केंद्रित योजनाओं से महिलाएं हुईं सशक्त
रायबरेली सदर से चुनाव लड़ने वाली अदिति सिंह ने कहा कि बीजेपी ने अपने पूरे कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में महिला केंद्रित योजनाओं को लागू कर महिलाओं की जिंदगी में नए रंग भरे हैं। महिला केंद्रित योजनाओं का लाभ पाकर महिलाएं सशक्त हुईं हैं। योगी सरकार ने उज्जवला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्वयं सहायता समूह, राष्ट्रीय आजीविका मिशन समेत दूसरी कई कल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारें जो महिलाओं के लिए योजना लागू करना तो दूर उनके हित की बात नहीं करती थी। इससे इतर बीजेपी ने महिलाओं के हक की बात करते हुए विशेष योजनाओं से लाभान्वित कर उनको समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का काम भी किया।
बीजेपी में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि
प्रियंका मौर्य ने कहा कि मैं समाज हित और राष्ट्रहित के लिए मैंने भारतीय जनता पार्टी को चुना। सबका साथ सबका विकास के मंत्र पर काम करने के संकल्प संग काम करूंगी। उन्होंने कहा कि ये पार्टी किसी एक की नहीं या पार्टी सभी वर्ग के लोगों से बनी हुई पार्टी है इस पार्टी में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है। जिस कारण मैंने इस पार्टी को चुना है।
जो काम पांच साल में हुए वो 70 साल में नहीं हुए
कार्यक्रम में महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि मोदी और योगी की सरकार में महिला कल्याण को लेकर जो भी काम हुए हैं, उतना 70 साल में नहीं हुआ है। आज महिला को स्वाभिमान और सम्मान मिल रहा है। महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, राष्ट्रीय सह मीडिया प्रभारी संजय मयूख, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ममता पांडेय, पार्षद कुमकुम राजपूत समेत अन्य उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications