Bharat Bandh 2024: BSP सुप्रीमो मायावती का संदेश, बिना किसी हिंसा के अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से रखें बात
Bharat Bandh 2024: आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति द्वारा भारत बंद का ऐलान किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के कई राजनीतिक दलों द्वारा भी इसका समर्थन किया जा रहा है। भारत बंद को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती की पहली प्रतिक्रिया आई है।
मायावती ने सुबह-सुबह सोशल साइट एक्स और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर मैसेज शेयर करते हुए लिखा कि "बीएसपी का भारत बंद को समर्थन, क्योंकि भाजपा व कांग्रेस आदि पार्टियों के आरक्षण विरोधी षडयंत्र एवं इसे निष्प्रभावी बनाकर अन्ततः खत्म करने की मिलीभगत के कारण 1 अगस्त 2024 को SC/ST के उपवर्गीकरण व इनमें क्रीमीलेयर सम्बंधी मा. सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के विरुद्ध इनमें रोष व आक्रोश।"

उन्होंने यह भी लिखा है कि "इसको लेकर इन वर्गों के लोगों द्वारा आज 'भारत बंद' के तहत सरकार को ज्ञापन देकर संविधान संशोधन के जरिए आरक्षण में हुए बदलाव को खत्म करने आदि की माँग जबरदस्त, जिसे बिना किसी हिंसा के अनुशासित व शान्तिपूर्ण तरीके से किये जाने की अपील।"
इसके अलावा उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों पर भी सवाल उठाते हुए लिखा है कि "एससी-एसटी के साथ ही ओबीसी समाज को भी आरक्षण का मिला संवैधानिक हक इन वर्गों के सच्चे मसीहा बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के अनवरत संघर्ष का परिणाम है, जिसकी अनिवार्यता व संवेदनशीलता को भाजपा, कांग्रेस व अन्य पार्टियाँ समझकर इसके साथ भी कोई खिलवाड़ न करें।"
पूर्वी उत्तर प्रदेश में खास असर नहीं
यह भी बता दें कि पहले से ही 21 अगस्त को भारत बंद का ऐलान किया गया था लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारत बंद का कोई खास असर अभी तक देखने को नहीं मिला है। हालांकि सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा अपनी प्रतिक्रिया दी जा रही है।
राजनीतिक पार्टियों की बात करें तो समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और आजाद समाज पार्टी का भारत बंद को समर्थन मिला है। इसके अलावा कई ऐसे छोटे छोटे राजनीतिक दलों द्वारा भी भारत बंद के आह्वान का समर्थन किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications