विहिप नेता ने दरोगा को हड़काया, कहा- लड़कियां नचवाते हो और दंगल बंद कराते हो
बरेली। हाल ही में यूपी के मेरठ में विवादास्पद कारणों के चलते एक दरोगा को भाजपा पार्षद के द्वारा पीटने का मामला सामने आया था वहीं अब इसी से मिलता-जुलता एक और मामला सामने आया है। बरेली में विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष ने एक पुलिस इंस्पेक्टर को जमकर हड़काया और जेल भिजवाने तक की धमकी दे डाली। धमकी का ऑडियो इन दिनों सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। इससे साफ है कि यूपी में पुलिस का इक़बाल खत्म होता जा रहा है।

मामला बरेली के विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता से जुड़ा है। राहुल गुप्ता का पुलिस को हड़काने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह दरोगा को हड़काते हुए सुना जा सकता है। दरअसल इन दिनों जगह-जगह रामलीला हो रही है। शीशगढ़ में भी इन दिनों रामलीला हो रही है जहां पर पिछले कई सालों से परंपरागत दंगल होता आ रहा है। आरोप है कि पुलिस ने इस बार वहां दंगल नही होने दिया। जिससे नाराज विहिप के नेता ने पुलिसवालें को हड़काया है।
लोगों ने इस बात की शिकायत जब विहिप के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता से की तो उन्होंने इंस्पेक्टर शीशगढ़ रकम सिंह को फोन पर जमकर हड़काया। राहुल गुप्ता ने इंस्पेक्टर से कहा कि मेले में दंगल बंद कराते हो और नबाबगंज में लड़कियां नचाते हो। थाने में बैठ कर गुंडई मत करो वर्ना मुकदमा लिखवाकर जेल भिजवा दूंगा। भाजपा की सरकार है गुंडई नही चलेगी। इतना सबकुछ होने के बावजूद इंस्पेक्टर ने ये बात अफसरों को नही बताई।
वहीं पुलिस के आला अधिकारियों तक जब ऑडियो पहुंची तो हड़कंप मच गया। एसएसपी मुनिराज ने एसपी ग्रामीण डॉक्टर सतीश कुमार को मामले की जांच सौंपी है। एसपी ग्रामीण डॉ सतीश कुमार का कहना है कि एक ऑडियो वायरल हुआ है जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा ऑडियो में एक व्यक्ति अपने आप को विश्व हिंदू परिषद का उपाध्यक्ष बता रहा है और इंस्पेक्टर से अपशब्द बोल रहा है। उनका कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला सत्ताधारी नेता से जुड़ा होने की वजह से पुलिस के अफसर कुछ भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं क्योंकि ऑडियो वायरल हुए 3 दिन बीत चुके हैं और अभी तक राहुल गुप्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे यह साफ होता है कि यूपी पुलिस का इकबाल खत्म होता जा रहा है और सत्ता से जुड़े नेताओं का दखल लगातार पुलिस प्रशासन में बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications