Bareilly AC buses: जयपुर, देहरादून और हरिद्वार का सफर होगा आसान, बरेली डिपो से जल्द दौड़ेंगी लग्जरी एसी बसें
Bareilly AC buses: उत्तराखंड और राजस्थान की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। अब इन रूटों पर सफर न सिर्फ आसान होगा बल्कि ज्यादा आरामदायक भी बनने जा रहा है। बरेली रोडवेज क्षेत्र को जल्द ही 37 नई एसी बसें मिलने जा रही हैं, जिससे इन राज्यों में जाने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
फिलहाल इन रूटों पर केवल साधारण बसों का संचालन हो रहा है, लेकिन जून के आखिरी सप्ताह तक एसी बसें भी सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। रोडवेज विभाग ने इसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और बसों के मिलने की औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं। यह कदम खास तौर पर उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा, जो अब तक निजी बसों में महंगा किराया चुकाकर सफर करने को मजबूर थे।

आंकड़ों पर नजर डालें तो हर दिन पांच हजार से ज्यादा यात्री उत्तराखंड और राजस्थान के अलग-अलग शहरों में रोडवेज बसों से सफर करते हैं। लेकिन अब तक इन रूटों पर एक भी एसी बस न होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।
साधारण बसों की खेप पहले ही पहुंची
रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में बरेली परिक्षेत्र को 37 साधारण बसें भी मिली हैं, जिनका संचालन शुरू कर दिया गया है। ये बसें दो-तीन दिन पहले ही यहां पहुंची हैं और यात्रियों को सेवा दे रही हैं। वहीं, एसी बसों का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है और उम्मीद है कि जून के अंत तक यह प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
हर दिन हजारों यात्रियों का सफर
राजस्थान रूट की बात करें तो रोजाना दो हजार से ज्यादा लोग रोडवेज बसों से यात्रा कर रहे हैं। वहीं उत्तराखंड की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या तीन हजार के पार है। लेकिन इन रूटों पर अब तक केवल रुहेलखंड डिपो की साधारण बसें ही चलाई जा रही हैं, जिनमें सफर करने में गर्मी और भीड़ की परेशानी बनी रहती है।
रोडवेज अधिकारियों की मानें तो जयपुर, अजमेर, खाटू श्याम, देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे प्रमुख रूटों पर अब एसी बसें चलाई जाएंगी। फिलहाल इन रूटों पर निजी ऑपरेटर्स का कब्जा है क्योंकि सरकारी बसों में सुविधाओं की कमी यात्रियों को निजी विकल्प चुनने पर मजबूर करती है। इससे रोडवेज को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।
डिपोवार मिलेगी जिम्मेदारी
पीलीभीत, रुहेलखंड और बरेली डिपो को इन रूटों पर एसी बसों के संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी बल्कि रोडवेज के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की मांग और बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बसों का बेड़ा मजबूत किया जा रहा है।
बरेली क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने जानकारी दी कि एसी बसों का स्लॉट मिलने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 37 साधारण बसें पहले ही मिल चुकी हैं और उनका सफल संचालन जारी है। एसी बसों की खेप मिलते ही इन्हें उत्तराखंड और राजस्थान रूट पर उतार दिया जाएगा, ताकि यात्रियों को गर्मी के मौसम में सुकून भरा सफर मिल सके।
नई एसी बसें न सिर्फ सफर को आरामदायक बनाएंगी बल्कि किराए में भी प्रतिस्पर्धा बढ़ाएंगी, जिससे यात्रियों का सीधा फायदा होगा। रोडवेज को भी इससे अच्छी खासी आमदनी होगी, जो आगे और नई सुविधाओं में निवेश के काम आएगी।












Click it and Unblock the Notifications