Banke Bihari Temple: बांके बिहारी मंदिर में अब नहीं चलेगी VIP की मनमानी! दर्शन के नियमों में हुआ बदलाव
Banke Bihari Temple New Rules 2026: मथुरा के सुप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुगम और मर्यादित बनाने के लिए मैनेजमेंट कमेटी ने कड़े कदम उठाए हैं। अब मंदिर के भीतर वीआईपी (VIP) श्रद्धालुओं के साथ आने वाले निजी सुरक्षाकर्मियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। यह निर्णय हाल ही में हुई एक हाई लेवल मीटिंग में लिया गया है, जिसका उद्देश्य मंदिर की पवित्रता और सामान्य भक्तों की सुविधा को बनाए रखना है। आइए जानतें हैं अन्य महत्वपूर्ण बदलावों के बारे में।
बांके बिहारी मंदिर में अक्सर वीआईपी अपने साथ निजी गनर्स या सुरक्षाकर्मी लेकर प्रवेश करते थे, जिससे आम श्रद्धालुओं को असुविधा होती थी। हाल ही में मध्य प्रदेश के एक विशिष्ट अतिथि के सुरक्षाकर्मी द्वारा जूते पहनकर मंदिर में प्रवेश करने की घटना के बाद यह विवाद गहरा गया था। इस घटना का सेवायतों और भक्तों ने कड़ा विरोध किया था।

समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार पूर्व जिला न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला न्यायाधीश विकास कुमार, जिलाधिकारी एवं सचिव चन्द्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम जगप्रवेश आदि पदेन सदस्यों और सेवायत समूहों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लिए गए निर्णय के मुताबिक मंदिर में निजी सुरक्षाकर्मियों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मंदिर के प्रबंधक को निर्देश दिए गए और तय किया गया कि जल्द ही इस संबंध में नए नियम लागू किए जाएंगे।
फूल बंगला सजाने के शुल्क में भारी कटौती
गर्मियों के दौरान ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के लिए मंदिर में 'फूल बंगला' सजाने की परंपरा है। भक्तों के लिए एक राहत भरी खबर यह है कि अब इसके लिए तय राशि में 50 हजार रुपये की कटौती की गई है। पहले जहां इसके लिए 1.51 लाख रुपये जमा करने पड़ते थे, वहीं अब श्रद्धालु मात्र 1.01 लाख रुपये में फूल बंगला सजवा सकेंगे।
मिलावटी प्रसाद पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मंदिर के आसपास बिकने वाले प्रसाद और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी समिति ने सख्त रुख अपनाया है। विशेष रूप से मिलावटी पेड़ों की बिक्री पर नाराजगी जताते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को निरंतर छापेमारी और कठोर कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
हाईटेक होगा मंदिर परिसर: AI कैमरों से होगी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए मंदिर और उसके आसपास के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को HD और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक से अपडेट किया जाएगा। इसके अलावा बैठक में निम्नलिखित बिंदुओं पर भी सहमति बनी:
- मंदिर के चबूतरे से अतिक्रमण हटाना।
- बांकेबिहारी कॉरिडोर योजना के लिए रजिस्ट्री प्रक्रिया में तेजी लाना।
- निधिवन की सेवा व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसी के नए अनुबंधों पर चर्चा।












Click it and Unblock the Notifications