Banke Bihari Darshan Advisory: नए साल पर बांके बिहारी के दर्शन का है प्लान? जाने से पहले पढ़ लें ये जरूरी सूचना
Banke Bihari Darshan Advisory: नए साल 2026 के स्वागत के साथ ही धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। मथुरा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर भी नए साल के दौरान दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का बड़ा केंद्र बन जाता है। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के मद्देनज़र विशेष एडवाइजरी जारी की है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि वे नए साल पर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह एडवाइजरी जरूर पढ़ लें। प्रशासन के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 से लेकर 5 जनवरी 2026 तक मंदिर और उसके आसपास अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना है।

मंदिर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधक ने बताया कि नए साल के अवसर पर मंदिर में अपार भीड़ उमड़ेगी। इसलिए अति आवश्यक होने पर ही यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि वृंदावन आने से पहले भीड़ का आकलन कर लें और यदि संभव हो तो यात्रा से परहेज करें। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए कई सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े निर्देश भी जारी किए हैं:
- श्रद्धालु अपने साथ किसी प्रकार का बैग या कीमती सामान न लाएं।
- मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए केवल निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सूचनाओं का पालन करें।
- जूता और चप्पल मंदिर में प्रवेश से पहले निर्धारित स्थान पर उतारें
- मंदिर तक जूता-चप्पल पहनकर न आएं।
- जेबकतरों, चैन कतरों और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं से सावधान रहें।
- नववर्ष के कारण वृंदावन में ट्रैफिक जाम और गलियों में भीड़ का दबाव अधिक रहेगा।
- परिवारजन बिछड़ने की स्थिति में सूचित करने के लिए फोन नंबर और पत्ता साथ रखें।
- वृद्ध, दिव्यांग, छोटे बच्चे, बीपी, हृदय, शुगर या अन्य गंभीर बीमारियों वाले, श्वास संबंधी रोग और दौरे के रोगी मंदिर में न आएं।
- मंदिर परिसर में खोया-पाया केंद्र गेट नंबर 2 और श्री बांके बिहारी पुलिस चौकी पर उपलब्ध रहेगा।
- असामाजिक तत्वों से सावधान रहें और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें।
- बाहरी वाहनों का प्रवेश वृंदावन में बंद रहेगा; पार्किंग की व्यवस्था शहर के बाहर की गई है।
श्रद्धालुओं से विशेष अनुरोध
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष अनुरोध किया है कि पाश्चात्य नववर्ष के दौरान मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ होने की संभावना है, इसलिए सिर्फ अति आवश्यक मामलों में ही दर्शन हेतु आएं। प्रशासन ने यह भी कहा कि सभी लोग निर्धारित समय, मार्ग और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना से बचा जा सके।
नववर्ष के अवसर पर भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन की यह एडवाइजरी श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए और यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनानी चाहिए। इस एडवाइजरी का उद्देश्य केवल सुरक्षा सुनिश्चित करना है और श्रद्धालुओं को किसी भी आपात स्थिति से बचाना है। ऐसे में 5 जनवरी तक मंदिर आने की योजना रखने वाले श्रद्धालु इस अवधि में यात्रा से बचें और बाद में दर्शन करें।












Click it and Unblock the Notifications