Bahraich Tension: हिंसा के बाद तनाव, मृतक के परिवार से मिलेंगे CM योगी, 10 प्वाइंट्स में सबकुछ
Bahraich Tension: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। रविवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की मौत के बाद इलाके में स्थिति बिगड़ गई। हिंसा, आगजनी और पुलिस के साथ झड़पों के कारण सरकार को शीर्ष अधिकारियों को तैनात करना पड़ा, साथ ही इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही हिंसा में मारे गए युवक राम गोपाल मिश्रा के परिजनों से मिल सकते हैं। पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है। 10 पॉइंटे्स में जानें सबकुछ...

- दुर्गा जुलूस में हिंसा: बहराइच के महाराजगंज इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांप्रदायिक झड़प हुई, जिसमें 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा की गोली लगने से मौत हो गई। इसके बाद तनाव और बढ़ गया।
- आक्रोशित भीड़ और आगजनी: मृतक के अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी भीड़ जमा हो गई, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस थे। भीड़ ने कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी और सड़कों पर हंगामा किया।
- पुलिस सुरक्षा और फ्लैग मार्च: पुलिस ने इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की और फ्लैग मार्च निकाला। हालांकि, कुछ स्थानों पर पथराव और गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आईं।
- इंटरनेट सेवाएं बंद: स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बहराइच जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि इंटरनेट बंद करने से अफवाहों और गलत सूचना के प्रसार को रोका जा सकेगा।
- मौत के बाद विरोध प्रदर्शन: राम गोपाल मिश्रा की मौत के बाद आक्रोशित लोग शव के साथ महसी तहसील के सामने धरने पर बैठ गए और न्याय की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
- सरकार की प्रतिक्रिया: उत्तर प्रदेश सरकार ने गृह सचिव संजीव गुप्ता और एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश सहित उच्च अधिकारियों को बहराइच भेजा है, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
- गिरफ्तारी और छापेमारी: पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और मुख्य आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
- शांतिपूर्ण समाधान की अपील: विपक्ष के नेताओं ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने शांति की अपील की है, जबकि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रशासन की निष्क्रियता की आलोचना की।
- लाउडस्पीकर विवाद से शुरू हुई हिंसा: हिंसा की शुरुआत उस वक्त हुई जब दुर्गा प्रतिमा जुलूस के दौरान लाउडस्पीकर से संगीत बजाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया।
- आंसू गैस और लाठीचार्ज: महासी में पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर मूर्ति विसर्जन रोक दिया गया था।
बहराइच की स्थिति गंभीर बनी हुई है और सरकार इसे नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पुलिस और प्रशासन की तरफ से भारी सुरक्षा के बावजूद, तनाव और विरोध प्रदर्शन जारी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की उम्मीद से लोगों को न्याय मिलने की आशा है।












Click it and Unblock the Notifications