Badaun Bride News: बदायूं में शादी से चंद घंटे पहले दुल्हन दीक्षा की मौत, वायरल हुईं हल्दी-मेहंदी की तस्वीरें
Badaun Bride News: बदायूं जिले के नूरपुर पिनौनी गांव में एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को ग़म में बदल दिया। गांव के दिनेश पाल सिंह की बेटी दीक्षा की सोमवार को मुरादाबाद से बारात आने वाली थी। लेकिन रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद दीक्षा की मौत हो गई। उसके परिवारवालों का कहना है कि दिल का दौरा इस हादसे की वजह बना।
सबसे ज्यादा दिल तोड़ने वाली बात यह रही कि शादी से ठीक पहले दीक्षा ने अपनी मेहंदी और हल्दी की रस्मों में शानदार फोटोशूट कराया था। परिवार और रिश्तेदारों ने ये तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर खूब शेयर कीं। लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि चंद घंटों में वही दीक्षा अब दुनिया में नहीं रहेगी।

दीक्षा के घर में रविवार तक डांस और जश्न का माहौल था। रिश्तेदार और दोस्त उसे दुल्हन की तरह सजते-संवरते देख रहे थे। लेकिन रात करीब डेढ़ बजे जब दीक्षा के पेट में तेज दर्द उठा, तो कहानी बदल गई। परिवारवालों ने बताया कि उसकी हालत टॉयलेट में ही बिगड़ गई और उसकी सांसें तेज चलने लगीं।
टॉयलेट में गिरने के बाद दीक्षा ने तोड़ा दम
मां सरोज ने जब दीक्षा को संभाला तो देखा कि उसकी गर्दन अकड़ चुकी थी। फौरन गांव के डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक दीक्षा ने दम तोड़ दिया था। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। बारात आने की तैयारियां जहां जोरों पर थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
दीक्षा परिवार की इकलौती बेटी थी और चार भाइयों में सबसे बड़ी। वह इस्लामनगर के डिग्री कॉलेज से बीए कर रही थी और शादी को लेकर बेहद खुश थी। दिल्ली में उसका दिल का इलाज भी चल रहा था। परिजनों को शक है कि अचानक आए हार्ट अटैक ने ही उनकी बेटी की जान ले ली।
'आखिरी फोटोशूट' बना गांव में चर्चा का विषय
सोशल मीडिया पर अब दीक्षा की हल्दी और मेहंदी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। लोग तस्वीरें देखकर अफसोस जता रहे हैं कि कैसे चंद घंटों में एक हंसती-खिलखिलाती दुल्हन की जिंदगी खत्म हो गई। गांव में हर कोई दीक्षा की मासूमियत और उसके सपनों को याद कर रहा है।
रिश्तेदारों ने बताया कि दीक्षा ने खुद अपनी शादी के लिए ढेरों फोटोशूट कराए थे और बार-बार तस्वीरें देखकर मुस्कुराती थी। लेकिन अब वही तस्वीरें परिवारवालों की आंखों में आंसू ला रही हैं।
गांव में चर्चा है कि अगर दीक्षा को समय पर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। फिलहाल घटना के बाद जहां दुल्हन के परिवार और गांव वाले दुखी हैं, वहीं दूल्हे का परिवार भी दुखी है।












Click it and Unblock the Notifications