VIDEO: जनता के सामने ही रोने लगीं गोसाईगंज से बीजेपी प्रत्याशी आरती, 'बाहुबली' को दे रहीं टक्कर
लखनऊ, 31 जनवरी: उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस बार भी अयोध्या जिले की गोसाईगंज विधानसभा सीट सबसे ज्यादा संवेदनशील सीट मानी जा रही। यहां से 2017 में चुनाव जीते बीजेपी नेता इंद्र प्रताप (खब्बू तिवारी) इस वक्त जेल में हैं, जिस वजह से पार्टी ने उनकी पत्नी आरती तिवारी को मैदान में उतारा है। उनकी टक्कर समाजवादी पार्टी के बाहुबली प्रत्याशी अभय सिंह से है। अब बीजेपी प्रत्याशी आरती का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा, जिसमें जनता से वोट मांगते-मांगते वो भावुक हो गईं।
Recommended Video

वायरल हो रहा वीडियो अयोध्या जिले की गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र का है, वहां पर बीजेपी प्रत्याशी आरती तिवारी एक जनसभा में शामिल हुई थीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि उनके पति पूर्व विधायक इंद्र प्रताप को विरोधियों ने झूठे मामले में फंसा दिया, जिस वजह से आज वो अपनी दो साल की दुधमुंही बेटी को लेकर वोट मांग रही हैं। इसके बाद आरती तिवारी जनता के सामने ही रोने लगीं। उनको रोता देख वहां मौजूद महिलाओं की भी आंखों में भी आंसू आ गए। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि जल्द ही उनके पति को इंसाफ मिलेगा।
आरती के मुताबिक उनके सामने सपा के बाहुबली प्रत्याशी खड़े हैं, जो धनबल और बाहुबल के साथ लड़ रहे, लेकिन वो हार नहीं मानेंगी। उनको उम्मीद है कि जनता इस लड़ाई में उनका साथ देगी। जिस वजह से वो अपने पति से भी ज्यादा वोटों से जीत दर्ज कर इतिहास रचेंगी।

क्यों जेल में हैं पूर्व विधायक?
पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी पिछले साल से जेल में हैं। उनको फर्जी मार्कशीट मामले में 5 साल की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में 30 साल बाद फैसला आया था। जिसमें इंद्र प्रताप के साथ कृपानिधान तिवारी और फूलचंद यादव को भी पांच साल की सजा हुई। वैसे तो दो आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन इंद्र प्रताप अभी जेल में ही बंद हैं। इसके पीछे आरती विरोधियों की साजिश बता रही हैं।
सपा प्रत्याशी पर मुख्तार गैंग से संबंध का आरोप
अभय सिंह गोसाईगंज विधानसभा से 2012 का चुनाव जीते थे। उस वक्त इंद्र प्रताप दूसरे नंबर पर रहे थे। 2017 के चुनाव में बीजेपी-अपना दल गठबंधन के टिकट पर इंद्र प्रताप ने जीत हासिल की। अभय सिंह को बाहुबली नेता कहा जाता है। कृष्णानंद राय की हत्या के समय एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें अभय सिंह और माफिया मुख्तार अंसारी के बीच कथित तौर पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से ही उनके ऊपर मुख्तार से संबंध रखने के आरोप लगते रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications