Atiq Son Asad Encounter: अतीक के बेटे असद का एनकाउंटर UP में अपराधियों के लिए योगी सरकार का बड़ा संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप यूपी पुलिस ने असद का एनकाउंटर कर अपराधियों के लिए एक बड़ा संदेश देने का काम किया है।

Ex-MP & gangster Atiq Ahmed's son Asad: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर काफी सवाल उठ रहे थे। खासतौर से प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या के बाद विपक्ष ने योगी पर जमकर हमला बोला था लेकिन अब योगी की पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर बड़ा संदेश देने का काम किया है। उमेश पाल हत्याकांड के दो शूटरों को पुलिस पहले ही ढ़ेर कर चुकी थी लेकिन माफिया अतीक अहमद के बेटे असद का एनकाउंटर न सिर्फ अतीक के कुनबे पर भारी पड़ेगा बल्कि दूसरे अपराधियों के लिए भी यह एनकाउंटर एक बड़ा संदेश है। पुलिस के सूत्रों की माने तो यूपी पुलिस इस एनकाउंटर को एक बड़ी कामयाबी मानकर चल रही है।
कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार का बड़ा संदेश
उत्तर प्रदेश में जब से बीजेपी की सरकार बनी है और सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथ में कमान आई उसके बाद से ही माफियाओं की सामत आई है। पुलिस ने अपने तरीके से काम करना शुरू किया और 6 सालों में कई एनकाउंटर किए जिससे योगी की छवि भी बेहतर हुई है। यूपी सरकार जब एक तरफ यूपी में निवेश लाने की तैयारी में जुटी थी और सीएम योगी यूपी में निवेश फ्रेंडली माहौल बनाने की कवायद में जुटे थे ऐसे में प्रयागराज की घटना सरकार के मुंह पर करारा तमाचा था। योगी ने भी इसको चुनौती के तौर पर लिया और डेढ़ महीने के भीतर ही पुलिस ने भी अपना परिणाम दे दिया।
पहली बार पुलिस ने किया अतीक के कुनबे पर सीधा प्रहार
उत्तर प्रदेश पुलिस ने यूं तो पहले बहुत एनकाउंटर किए हैं लेकिन इस बार अतीक अहमद के परिवार पर एसटीएफ ने पहली बार सीधी चोट पहुंचाई है। अतीक के बेटे असद का एनकाउंटर में मारा जाना यूपी के माफियाओं के लिए एक बड़ा संदेश है। इससे माफियाओं में पुलिस और सरकार के प्रति भय पैदा होगा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अब यूपी में कोई कानून व्यवस्था को खुली चुनौती नहीं दे सकता है। पुलिस को सरकार की तरफ से खुली छूट दी गई है जिसका परिणाम है कि उसका रिजल्ट भी मिल रहा है।
पुलिस लंबे समय से ट्रेस कर रही थी असद पुलिस की लोकेशन
प्रयागराज में 24 फरवरी को हुए एनकाउंटर के बाद से ही यूपी पुलिस ओर STF की टीम लगातार असद अहमद को ट्रेस कर रही थी। जैसे पुलिस की कार्रवाई ढीली हुई और मीडिया में यह रिपोट्स आने लगी कि योगी सरकार अब तक असली शूटरों को पकड़ने में नाकामयाब रही है। उसके बाद एसटीएफ की टीम एक बार फिर सक्रिय हुई और उसने इस बार वह काम कर दिखाया जिसका सबको बेसब्री से इंतजार था। सीएम योगी ने भी पुलिस और एसटीएफ के इस रवैये की तारीफ की है।
असद का एनकाउंटर यूपी के अपराधियों के लिए सबक
यूपी के वरिष्ठ पत्रकार राजीव रंजन सिंह कहते हैं कि यह योगी की पुलिस का काम करने का तरीका है। ऐसा तभी संभव हो पाया है जब योगी ने पुलिस को खुली छूट दे रखी है कि माफियाओं के खिलाफ कोई रियायत और नरमी न बरती जाए। प्रयागराज की घटना के बाद से ही एसटीएफ की टीमें लगी हुईं थीं। आप कह सकते हैं कि यह अतीक पर पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी चोट है जिससे उबरना उसके लिए आसान नहीं होगा। यह सिर्फ अतीक ही नहीं दूसरे माफियाओं के लिए भी एक बड़ा सबक होगा और यह कार्रवाई अपराधियों के अंदर भय पैदा करने का काम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications