Atiq Ahmed: 5 डॉक्टरों का पैनल दोपहर में अतीक-अशरफ का करेगा पोस्टमार्टम, होगी वीडियोग्राफी
Atiq Ahmed: आज दोपहर पांच डॉक्टरों की टीम अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद के शव का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

Atiq Ahmed: प्रयागराज में बीती रात अतीक अहमद और उसके भाई को पुलिस अस्पताल मेडिकल कराने के लिए पहुंची थी, लेकिन इस दौरान तीन हमलावरों ने दोनों को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्या के बाद प्रदेशभर में सनसनी फैल गई है।
अतीक अहमद और अशरफ अहमद का आज दोपहर में पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार अतीक और अशरफ के शव का पोस्टमार्टम पांच डॉक्टरों का पैनल करेगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
बता दें कि बीती रात सनसनीखेज हत्या के बाद प्रदेशभर में धारा 144 को लागू कर दिया गया है। देर रात तक पुलिस की टीम ने संवेदनशील इलाकों में गस्त की। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हत्याकांड के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान तमाम अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को बनाए रखा जाए, किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना होने पाए। अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। डीजीपी और गृह सचिव को प्रयागराज जाने का निर्देश दिया गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि कोई भी अगर अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस पूरे हत्याकांड की मुख्यमंत्री ने न्यायिक जांच का आदेश दिया है। इसके लिए तीन सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है।
गौर करने वाली बात है कि जिन तीन हत्यारों ने अतीक-अशरफ की हत्या की, वह मीडियाकर्मी बनकर आए थे। तीनों ने हत्या के बाद खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
प्रयागराज में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। व्यापारियों ने दुकानें बंद रखने की अपील की है। सीपी प्रयागराज ने खुद शहर की सुरक्षा की कमान संभाल रखी है।












Click it and Unblock the Notifications