चंद्रयान-3 की लैंडिंग के समय यहां 7 बच्चों का हुआ जन्म, किसी का नाम रखा 'Vikram' तो किसी का 'Chandni'
23 अगस्त 2023, दिन बुधवार, समय शाम 6:04 बजे, भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक अपना कदम रखा। इस ऐतिहासिक क्षण के हम सभी साक्षी बने और इस सुनहरे पल को हम जीवन भर याद रखेंगे। लेकिन यूपी में 7 बच्चे ऐसे भी हैं जो इस कामयाबी की निशानी बन गए हैं।
दरअसल, ठीक इसी समय गोरखपुर के जिला महिला अस्पताल में 7 बच्चों ने जन्म भी लिया। इससे भी खास बात तो ये है कि इन बच्चों के माता-पिता ने इनका नाम चंद्रयान-3 तीन से जोड़कर रखा है।

गौरतलब है कि भारत ने 23 अगस्त 2023 को इतिहास रच दिया है। चंद्रमा के साउथ पोल पर भारत के चंद्रयान-3 ने सफलता पूर्वक लैंडिंग कर सभी भारतियों को गौरान्वित कर दिया है। वहीं इस यादगार पल को लोगों ने अलग-अलग तरीके से अपनाया है। इस ऐतिहासिक क्षण में गोरखपुर में पैदा हुए 7 बच्चों में से कुछ का नाम उनके अभिभावकों ने चंद्रयान-3 मिशन से जोड़कर रखा है।

जिला महिला अस्पताल में एक नवजात बच्ची को जन्म देने वाले महिला के पति आनंद त्रिपाठी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जिस वक्त उनकी बिटिया ने धरती पर अपना कदम रखा, ठीक उसी समय चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर लैंड किया। इसलिए हम लोगों ने अपनी बिटिया का नाम 'चांदनी' रख दिया है।

बेटे का नाम चंद्रयान तो बेटी का चांदनी
वहीं इसी अस्पताल में एक दंपत्ति को जुड़वा बच्चे हुए। जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। बच्चों के पिता ने कहा कि उन्होंने इस गौरवमय पल को यादगार बनाने के लिए बेटे का नाम 'चंद्रयान' और बेटी का नाम 'चांदनी' रखा है।

चाँद पर जाकर असली विक्रम से मिलेगा मेरा विक्रम
उधर गोरखपुर में ही एक अन्य निजी अस्पताल में नवजात बेटे को जन्म देने वाली महिला के पति ने अपने बेटे का नाम विक्रम रखा है। बता दें कि चंद्रयान-3 पर लैंड करने वाले लैंडर का नाम विक्रम है। उनका कहना है कि ये भी एक दिन अंतरिक्षयात्री बनेगा और चांद पर जाकर असली 'विक्रम' से मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications