यूपी: असामाजिक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त, लोगों ने किया हंगामा
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में असामाजिक तत्वों ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांगी। मामले को बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साएं लोगों को शांत कराया और असामाजिक तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, मामला अमरोहा थाना क्षेत्र के मंडी धनौरा स्थित गांव देहरचक का है। यहां देहरा चक गांव में अंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई है। शुक्रवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब घटना का पता चला तो ग्रामीण मौके पर जुटना शुरू हो गए व हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर तहसीलदार राजेश कुमार थाना पुलिस संग मौके पर पहुंचे व हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण बाबा साहब की नई प्रतिमा लगाए जाने की मांग कर रहे थे।
आनन फानन में पुलिस ने आस-पास बाबा साहब की नई प्रतिमा ढूंढने के प्रयास किया, मगर नई प्रतिमा नहीं मिली। जिस पर क्षतिग्रस्त प्रतिमा को सही कराए जाने का प्रस्ताव पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने रखा। मगर ग्रामीण नई प्रतिमा लगाए जाने की मांग पर अड़े हुए थे। अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नई प्रतिमा लगाने पर सहमति बन गई, जिसके बाद हंगामा कर रहे लोग शांत हुए।