PICs: घर से नाराज होकर 40 KM पैदल सफर के बाद पापा के पास पहुंचा बच्चा
बच्चे ने बताया की वो घर से नाराज होकर पैदल ही सेमरी से सुल्तानपुर आ गया और मुंबई अपने पापा के पास जा रहा है।
सुल्तानपुर। कड़ाके की ठंड में 10 साल का महेश जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर सेमरी से शहर तक पैदल सफर तय करता हुआ पहुंचा। उसके शरीर पर सिर्फ शर्ट और हाफ पैंट ही था। दरअसल महेश घर से नाराज होकर निकला था और वो मुंबई अपने पापा के पास जा रहा था। बस गनीमत ये रही की बस स्टॉप पर अभिनव सिंह की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने बच्चे को अनहोनी से बचा अपनों से मिला दिया। अभिनव सिंह बताते हैं की रात वो बस स्टॉप पर खड़े थे, तभी ठंड से कांपता हुआ ये बच्चा दिखाई पड़ा। इसके शरीर पर सिर्फ एक टी-शर्ट और हाफ नेकर थी। जिससे हमें महसूस हुआ की जरूर कुछ गड़बड़ है।
जानकारी के दौरान बच्चे ने अपना नाम महेश बताया और घर का पता सेमरी बाजार। बच्चे ने बताया की वो घर से नाराज होकर पैदल ही सेमरी से सुल्तानपुर आ गया और मुंबई अपने पापा के पास जा रहा है। इसके बाद अभिनव सिंह ने अपने अन्य साथियों को बुलाया, कपड़े मंगवाकर उसे पहनाए और भोजन कराया।
उसके बाद उसके पिता विनोद पांडेय से मुंबई में संपर्क किया। पिता विनोद ने कहा की महेश को उसको फूफा को सौंप दिया जाए और फिर विनोद ने इनका आभार प्रकट किया। इस तरह महेश अनहोनी से बचकर एक बार फिर अपनों से मिल गया।