VIDEO: हाई स्पीड ट्रक ने साइकिल से जा रहे दो किशोरों को रौंदा, मौके पर मौत
अमेठी। मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंर्तगत शिवगंज चौराहे पर उस समय एक दर्दनाक हादसा हो गया जब घर से कुछ दूर पर साइकिल सवार दो किशोरों को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक रौंदते हुए फरार हो गया। घटना इतनी दर्दनाक थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घर के सामने दो किशोरों की मौत के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है।

मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के शिवगंज चौराहे का मामला
मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के टाण्डा-बाँदा मार्ग पर स्थित शिवगंज चौराहे गांव के ही दो किशोर घर के सामने साइकिल से सड़क पार कर रहे थे, तभी सुल्तानपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक दोनों को रौंद दिया। जोरदार टक्कर के बाद जब तक लोग मदद के लिये वहां पहुंचते तब तक दोनों की मौके पर मौत हो चुकी थी। घटना राजगढ़ गांव की है, यहां घाटमपुर के लवलेश कुमार सिहं उम्र 13 पुत्र रमेश सिहं ,बलजीत गुप्ता 12 वर्ष पुत्र रामभवन की मौत हुई है।

ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घर के सामने ही दोनों की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुँची मुंशीगंज पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश नहीं थमा। स्थिति हाथ से बाहर जाते देख सीओ सहित पांच थानों की फोर्स मौके पर पहुँची जिसके बाद स्थिति कंट्रोल हुई। पुलिस प्रशासन ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामलें में एएसपी बीसी दुबे ने कहा कि ट्रक सवार मौके से फरार हो गया है। फ़िलहाल मुकदमा लिख परिवार की मदद की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications