क्या इस 'जेल कैफे' में जाने का लेंगे रिस्क? यहां जेलर भी मिलेगा और कैदी भी, पेमेंट करने पर ही होगी रिहाई
आप कभी न कभी किसी कैफे तो गए ही होंगे, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे कैफे के बारे में बताने जा रहे हैं जहां कॉफी पीने से पहले शायद आपकी धड़कने बढ़ जाए। दरअसल, शाहजहांपुर के दो दोस्तों ने मिलकर जेल कैफे नाम का एक रेस्टोरेंट शुरू किया है। इन्होने कैफे को हूबहू जेल की शक्ल दी है। बाकायदा जेल सुपरिंटेंडेंट लोगों को हथकड़ी डालकर अंदर लाती है और कैदी के कपड़े पहने वेटर ग्राहकों को खाना परोसते हैं।
आपको बता दें कि अपनी इस अनोखी थीम के चलते यह जेल कैफे काफी मशहूर हो गया है। कई जिले से लोग यहां पहुंच कर इसके मजे ले रहे हैं। कैफे के अंदर बना जेल लोगों के बीच खासा चर्चा का विषय बना हुआ है।

जेलर भी मिलेगा और कैदी भी
इसकी खास बात ये है कि यहां आपको जेलर भी मिलेगा और कैदी भी। इतना ही नहीं जब ग्राहक इस रेस्टोरेंट में एंट्री करता है तो जेलर उसे हथकड़ी डालकर डायरेक्ट खाने की टेबल पर पहुंचा देती है और बाहर से लॉकअप को बंद कर देती है। यहां के वेटर कैदियों की ड्रेस में किरदार निभाते हैं और अपने अनोखे अंदाज में ग्राहकों को खाना परोसते हैं।

ऐसे आया जेल कैफे का आईडिया
एलएलबी पूरी कर चुके दो दोस्त हर्षित मिश्रा और मोहम्मद फरमान ने रोजगार के लिए कुछ नया करने का सोचा था। दोनों दोस्त एक बार जेल के सामने से निकले तो उनके दिमाग में जेल कैफे बनाने का आईडिया क्लिक हो गया। दोनों दोस्तों ने शहर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के जलाल नगर बजरिया में एक मकान किराए पर लेकर उसे जेल की शक्ल दी। यहां आप जहां भी नजर डालेंगे आपको जेल की फीलिंग आएगी। जेलर का अंदाज देखकर जेल कैफे में आने वाले ग्राहक भी खूब लुत्फ उठा रहे है।

हथकड़ी में लेते हैं लोग सेल्फी
इस जेल कैफे में लोग आकर हथकड़ी में सेल्फी लेते हैं, जेल और कैदियों के साथ फोटो खिंचवाते हैं। स्टार्टअप के तौर पर जेल कैफे चलाने वाले हर्षित मिश्रा और मोहम्मद फरहान का कहना है कि इस कॉन्सेप्ट पर उनका आइडिया सफल रहा है। सुबह से शाम तक ग्राहक कैफे को देखने और खाना खाने आते हैं। दोनों दोस्तों का कहना है कि अब अपने इस जेल कैफे कॉन्सेप्ट को और आगे तक ले जाना चाहते है।

पेमेंट होने पर ही करते हैं रिहा
वहीं इस जेल कैफे में हर कर्मचारी का अंदाज बड़ा ही मजेदार है। यह ग्राहक को हथकड़ी डालकर बैरक में टेबल पर बैठाया जाता है। बिल का पेमेंट होने के बाद ही बैरक से ग्राहकों को बाहर निकाला जाता है। फिलहाल इस जेल को देखने के लिए और खाने का मजा लेने के लिए दूर-दूर से लोग यहां पहुंच रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications