पत्नी की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी को BSP ने बनाया अपना उम्मीदवार, इस सीट से दिया टिकट
लखनऊ, फरवरी 07। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों के टिकट वितरण में आपराधिक छवि वाले नेताओं के उम्मीदवार बनने का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को बीएसपी ने महाराजगंज की नौतनवा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। दरअसल, अमनमणि त्रिपाठी नौतनवा से फिलहाल निर्दलीय विधायक हैं, लेकिन सोमवार को उन्होंने बीएसपी का दामन थाम लिया और पार्टी ने सोमवार देर शाम तक उन्हें नौतनवा से ही उम्मीदवार घोषित कर दिया।

निषाद पार्टी से भी संपर्क में थे अमनमणि त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में अमनमणि त्रिपाठी ने कहा है कि वो बीएसपी प्रमुख मायावती से और उनकी राजनीति से काफी प्रभावित थे। वो अक्सर मायावती की नीतियों की तारीफ करते रहें हैं। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का ये भी कहना है कि अमनमणि त्रिपाठी निषाद पार्टी से भी टिकट पाने की कोशिश कर रहे थे। अमनमणि त्रिपाठी ने कहा है कि वो वैसे तो निर्दलीय चुनाव लड़ सकते थे और जीत भी सकते थे, लेकिन उन्हें एक राजनेता के रूप में एक विचारधारा की जरूरत थी, इसके लिए मुझे एक पार्टी का सदस्य होना था, मेरे पिता बीएसपी में थे, इसलिए मैंने बीएसपी में जाने का फैसला किया।

पत्नी की हत्या के आरोपी हैं अमनमणि त्रिपाठी
आपको बता दें कि 31 साल के अमनमणि त्रिपाठी अपनी पत्नी सारा त्रिपाठी की हत्या के मामले में आरोपी हैं और फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। 9 जुलाई 2015 को सारा सिंह का शव संदिग्ध हालत में मिला था। वो अपने पति अमनमणि के साथ दोपहर में कार से लखनऊ से दिल्ली के निकली थीं। अमनमणि और सारा की लव मैरिज थी। बता दें कि अमनमणि के पिता पूर्व मंत्री अमर मणि त्रिपाठी और माता मधु मणि त्रिपाठी 2003 में लखनऊ में कवयित्री मधुमिता शुक्ला की हत्या के लिए दोषी ठहराए जाने के बाद पहले से ही जेल में सजा काट रहे हैं।

2012 में अमनमणि ने लड़ा था पहला चुनाव
मधुमिता हत्याकांड में पिता के जेल जाने के बाद अमनमणि त्रिपाठी ने राजनीति में कदम रखा था और 2012 में पहला चुनाव लड़ा था। 2012 में उन्होंने नौतनवा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर कौशल किशोर सिंह ने उन्हें हरा दिया था। अमनमणि त्रिपाठी के पिता अमरमणि त्रिपाठी नौतनवा सीट से 4 बार विधायक रहे थे और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications