CJI को कथित अपशब्द: रामगोपाल के बयान पर सपा ने दी सफाई, जानिए क्या बोले अखिलेश यादव?
समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने सीजेआई पर 'अपमानजनक' टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बयान जारी कर सफाई दी है। विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें अपने चाचा द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, "हम सभी सीजेआई का सम्मान करते हैं।"
रिपोर्ट के मुताबिक, रामगोपाल यादव से अयोध्या फैसले पर सीजेआई की टिप्पणी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, "जब आप मृतकों को वापस जीवित करते हैं, तो वे भूत बन जाते हैं और लोगों को परेशान करते हैं। कई लोग इस तरह की बातें करते हैं, क्या मुझे उन पर ध्यान देना चाहिए।"

हालांकि बाद में सपा नेता रामगोपाल ने अपने बयान से यू टर्न लेते हुए कहा कि उनसे सीजेआई पर कोई सवाल नहीं पूछा गया। उन्होंने कहा, "किसी ने मुझसे सीजेआई के बारे में कुछ नहीं पूछा। सीजेआई एक बहुत प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। मैंने (उन पर) कभी कोई टिप्पणी नहीं की, मुझसे बहराइच (हिंसा) के बारे में पूछा गया जिसका मैंने उसका जवाब दिया था।"
रामगोपाल ने क्या कहा?
इसे लेकर सपा नेता राम गोपाल यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हमें कोई टिप्पणी नहीं करनी है। जब भूतों को जिंदा करते हो, मुर्दों को करते हो, तो वह भूत बन जाते हैं और जस्टिस के पीछे पड़ जाते हैं...अब कहां हैं..आपको अभी भी बाबरी मस्जिद और मंदिर दिख रहा है.. अरे छोड़ो, तमाम #% (अपशब्द) इस तरह की बातें करते रहते हैं तो क्या मुझे उन्हें संज्ञान में लेना चाहिए।'
भाजपा का हमला
चीफ जस्टिस के लिए राम गोपाल के अपशब्द को लेकर भाजपा सपा पर हमलावर हो गई। बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि रामगोपाल यादव के नाम में प्रोफेसर है लेकिन हरकतें शैतान बच्चों जैसी हैं। सपा का संविधान और स्वतंत्र न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है। रामगोपाल यादव की टिप्पणी न्यायपालिका की अवमानना है जिस पर सपा को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने दी सफाई
सपा नेता रामगोपाल यादव के बयान के पर मामला बढ़ते देख अखिलेश यादव को भी इस पर सफाई देनी पड़ी। अखिलेश ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है लेकिन सपा का कोई नेता किसी का अपमान नहीं कर सकता।












Click it and Unblock the Notifications