इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सपा नेता Azam Khan को जमानत मिलने के बाद रिहाई संभव, बढ़ी सियासी हलचल
Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। लंबे समय से जेल में बंद आजम के लिए यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। कोर्ट के आदेश के बाद अब उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
जस्टिस समीर जैन की सिंगल बेंच ने गुरुवार को क्वालिटी बार मामले में यह आदेश सुनाया। हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की बहस पूरी करने के बाद 21 अगस्त को फ़ैसला सुरक्षित रखा था। गुरुवार को सुनवाई पूरी होने के बाद ज़मानत का आदेश जारी किया गया।

आजम खान के वकील इमरान उल्लाह और मोहम्मद खालिद ने बताया कि उन्हें लगभग सभी मुकदमों में राहत मिल चुकी है। कहा जा रहा है कि अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी एक-दो दिन में आजम खान जेल से बाहर आ सकते हैं।
क्वालिटी बार विवाद क्या है?
यह मामला रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का है। साल 2019 में बार मालिक गगन अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आजम खान ने मंत्री रहते हुए अपने प्रभाव का इस्तेमाल किया और बार की जमीन को बेहद कम किराये पर अपने परिवार के नाम करा लिया।
आरोप है कि मार्च 2014 में क्वालिटी बार की जमीन को सिर्फ 1200 रुपये मासिक किराये पर डॉ. तंजीन फातिमा को दिया गया। इसके अलावा एक और ज़मीन 300 रुपये प्रतिमाह पर किराये पर ली गई। बाद में बेटे अब्दुल्ला आजम को सह-किरायेदार बना दिया गया।
बार मालिक गगन अरोड़ा की शिकायत के बाद मामला दर्ज करते हुए पुलिस द्वारा इस मामाले में कार्रवाई की गई। यह मामला भी साल 2019 में काफी सुर्खियों में रहा और लोगों द्वारा मामले की खूब चर्चा की गई।
ट्रायल कोर्ट से लेकर हाईकोर्ट तक
17 मई 2025 को रामपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उनकी ज़मानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की गई। वकीलों ने दलील दी कि आजम खान को राजनीतिक कारणों से फंसाया गया है। साथ ही यह भी कहा गया कि जमीन के आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह से वैधानिक थी।
वहीं, इस मामले में सरकार की ओर से कहा गया कि मंत्री रहते हुए आजम खान ने अपने पद का दुरुपयोग किया और परिवार को फायदा पहुंचाया। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अगस्त में फैसला सुरक्षित रखा। इसी मामले में अब आजम खान को सशर्त जमानत दे दी।
अब जल्द ही बाहर आने की उम्मीद
आजम खान पर अब तक 90 से ज़्यादा मुकदमे दर्ज रहे हैं। उनके वकीलों का कहना है कि लगभग सभी मामलों में उन्हें राहत मिल चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब वह जल्द जेल से बाहर आ जाएंगे।
कहा यह भी जा रहा है कि रामपुर की राजनीति में आजम खान का प्रभाव लंबे समय तक रहा है। जमानत मिलने के बाद अब सपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी समर्थक इसे उनकी बड़ी जीत मान रहे हैं।
वहीं कई बार अखिलेश यादव और आजम खान को लेकर भी खबरें सामने आ चुकी हैं। अब देखना यह होगा कि जेल से निकलने के बाद आजम खान सपा के साथ रहते हैं या अपनी राह अलग बना लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications